खेल कूटनीति और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का सशक्त माध्यम है खेलः रक्षा खडसे

भारत-न्यूजीलैंड रग्बी सीरीज से मजबूत होंगे खेल संबंध, युवाओं को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय अनुभव

राजगीर में दोनों देशों के खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने का प्रतीक बना ऐतिहासिक आयोजन

खेलपथ संवाददाता

राजगीर (बिहार)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित ऐतिहासिक भारत-न्यूजीलैंड अंडर-20 रग्बी श्रृंखला ने खेल कूटनीति, युवा विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई दिशा दी है। केंद्रीय युवा कार्य एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने कहा कि खेल देशों के बीच आपसी समझ, मित्रता और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं। इस तरह के आयोजन युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव प्रदान करने के साथ उन्हें वैश्विक खेल जगत से जुड़ने के अवसर भी देते हैं।

'खेल के माध्यम से एकता के 100 वर्ष' पहल के अंतर्गत आयोजित इस श्रृंखला के समापन अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे, बिहार की खेल एवं युवा मामलों की मंत्री श्रेयसी सिंह, भारत में न्यूजीलैंड के कार्यवाहक उच्चायुक्त मैट आयर्स, बिहार रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य संजय मयूख तथा रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रक्षा खडसे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों के माध्यम से वैश्विक सहभागिता को लगातार मजबूत कर रहा है। खेल आज केवल प्रतिस्पर्धा और पदक जीतने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय संबंधों को प्रगाढ़ बनाने और विभिन्न संस्कृतियों को करीब लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत-न्यूजीलैंड अंडर-20 रग्बी श्रृंखला इस बात का उदाहरण है कि खेल किस प्रकार राष्ट्रीय सीमाओं से परे जाकर एकता, मित्रता और आपसी विश्वास को बढ़ावा देते हैं। दोनों देशों के खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह श्रृंखला भविष्य में द्विपक्षीय खेल सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

इस श्रृंखला में भारत और न्यूजीलैंड की अंडर-20 पुरुष एवं महिला टीमों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान संयुक्त प्रशिक्षण सत्र, सांस्कृतिक संवाद और रग्बी सेवन्स के चार प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले आयोजित किए गए। आयोजन का प्रमुख आकर्षण दो मिश्रित टीमों के मुकाबले रहे, जिनमें भारत और न्यूजीलैंड के खिलाड़ी एक ही टीम में शामिल होकर खेले। इस अनूठी पहल ने खिलाड़ियों को एक-दूसरे की खेल शैली समझने, अनुभव साझा करने और टीम भावना विकसित करने का अवसर दिया। रग्बी के माध्यम से खिलाड़ियों ने सम्मान, अनुशासन, सहयोग और मित्रता जैसे मूल्यों को भी आत्मसात किया।

रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस ने कहा कि यह श्रृंखला केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि दोनों देशों के बीच मजबूत संबंध बनाने की पहल है। मिश्रित टीमों के मुकाबलों ने यह संदेश दिया कि खेल में प्रतिद्वंद्विता के साथ सहयोग और मित्रता का भी विशेष महत्व है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राजगीर में बने संबंध भविष्य में रग्बी इंडिया और न्यूजीलैंड रग्बी के बीच सहयोग का मजबूत आधार बनेंगे।

माओरी खिलाड़ियों ने भारतीय संस्कृति को जाना

न्यूजीलैंड के प्रतिनिधिमंडल में अंडर-20 पुरुष टीम 'तामा तोआ' और महिला टीम 'हिने तोआ' शामिल थीं। इस प्रतिनिधिमंडल में 24 युवा माओरी खिलाड़ी भी थे। दौरे के दौरान न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों को भारतीय संस्कृति, परम्पराओं और सामाजिक जीवन को समझने का अवसर मिला। वहीं, उन्होंने अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को भारतीय खिलाड़ियों के साथ साझा किया। इस सांस्कृतिक आदान-प्रदान ने दोनों देशों के युवाओं के बीच संवाद और आपसी समझ को बढ़ावा दिया। आयोजन ने यह भी रेखांकित किया कि अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को खेल कौशल के साथ-साथ विभिन्न समाजों और संस्कृतियों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण मंच हैं।

बिहार में खेल विकास को नई गति देने की पहल

बिहार की खेल एवं युवा मामलों की मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और युवा खिलाड़ियों के लिए अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। राजगीर में भारत-न्यूजीलैंड रग्बी श्रृंखला की मेजबानी बिहार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन राज्य को अंतरराष्ट्रीय खेल गतिविधियों से जोड़ने के साथ युवाओं को नई प्रेरणा देते हैं।

भारतीय रग्बी को मजबूत करने पर भी जोर

भारत और न्यूजीलैंड के बीच रग्बी सहयोग को आगे बढ़ाने के प्रयास पहले भी किए गए हैं। मई 2026 में रग्बी इंडिया ने भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में न्यूजीलैंड रग्बी के कोचिंग प्रशिक्षकों की मेजबानी की थी। इस दौरान 35 भारतीय प्रशिक्षकों के लिए कोचिंग विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य प्रशिक्षण क्षमताओं को बेहतर बनाना और देश में रग्बी के विकास को गति देना था।

राजगीर की अंडर-20 रग्बी श्रृंखला इसी सहयोग को आगे बढ़ाने वाली पहल के रूप में सामने आई है। यह आयोजन बताता है कि अंतरराष्ट्रीय खेल साझेदारियां खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के कौशल विकास, सांस्कृतिक समझ तथा भविष्य की खेल संभावनाओं को विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। भारत और न्यूजीलैंड के खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह श्रृंखला खेलों को अंतरराष्ट्रीय मैत्री का सेतु बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलने के साथ भारत में रग्बी के विकास और वैश्विक खेल समुदाय के साथ जुड़ाव को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

रिलेटेड पोस्ट्स