यूथ ओलम्पिक में भारतीय मुक्केबाजों का ऐतिहासिक स्वर्णिम धमाका

अंबेकर मीतेई और गुंजन ने रचा इतिहास, भारतीय झोली में दो स्वर्ण सहित 10 मेडल

खेलपथ संवाद

डकार (सेनेगल)। चौथे ग्रीष्मकालीन यूथ ओलम्पिक में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को गौरवान्वित किया। 31 अक्टूबर से 13 नवम्बर तक आयोजित इन खेलों में भारत ने दो स्वर्ण, तीन रजत और पांच कांस्य सहित कुल 10 पदक जीते। भारत का यह यूथ ओलम्पिक इतिहास में दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इससे पहले 2018 के ब्यूनस आयर्स यूथ ओलम्पिक में भारत ने 13 पदक जीते थे।

भारत की इस सफलता के सबसे चमकदार सितारे मुक्केबाज एल. अंबेकर मीतेई और गुंजन यादव रहे। दोनों ने अपने-अपने फाइनल मुकाबले जीतकर भारत को दो ऐतिहासिक स्वर्ण पदक दिलाए। मणिपुर के एल. अंबेकर मीतेई ने पुरुषों के 50 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में आयरलैंड के जुबानी क्रिस्टियन को 3-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। वह यूथ ओलम्पिक में मुक्केबाजी का स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष मुक्केबाज बने।

वहीं गुंजन ने महिला 48 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में अल्जीरिया की बेन्सालाह बौथैना को 5-0 से पराजित कर स्वर्णिम सफलता हासिल की। वह यूथ ओलम्पिक में मुक्केबाजी का स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला मुक्केबाज बनीं। इस तरह भारतीय मुक्केबाजी दल के दोनों खिलाड़ियों ने स्वर्ण जीतकर शत-प्रतिशत सफलता हासिल की। भारतीय खिलाड़ियों ने मुक्केबाजी के अलावा अन्य खेलों में भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

रजत पदक विजेता- खुशबू राजकभाई दरजादा- जूडो, महिला 63 किलोग्राम। तान्या- बीच कुश्ती, महिला 75 किलोग्राम, तन्वी पत्री- बैडमिंटन, महिला एकल।

कांस्य पदक विजेता- धिनिधि देसिंघु-  तैराकी, महिला 100 मीटर फ्रीस्टाइल। धिनिधि देसिंघु- तैराकी, महिला 200 मीटर फ्रीस्टाइल। तीर्थंक पेगू- तैराकी, पुरुष 200 मीटर बटरफ्लाई। शौर्य अविनाश अंबुरे- एथलेटिक्स, महिला 100 मीटर बाधा दौड़। राजकुमारी लानचेनबी चानू-  वुशु, महिला चांगक्वान। धिनिधि देसिंघु ने दो कांस्य पदक जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की। वहीं शौर्य अंबुरे यूथ ओलम्पिक में एथलेटिक्स पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।

2018 के बाद भारत का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

भारत ने डकार में कुल 10 पदक जीतकर यूथ ओलम्पिक में अपना दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। वर्ष 2018 में ब्यूनस आयर्स में भारत ने तीन स्वर्ण, नौ रजत और एक कांस्य सहित कुल 13 पदक जीते थे। डकार में मिली सफलता भारतीय खेलों की नई पीढ़ी की संभावनाओं को दर्शाती है। खास बात यह है कि भारतीय मुक्केबाजों ने पहली बार इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा।

इन युवा खिलाड़ियों की सफलता को भविष्य की बड़ी उपलब्धियों में बदलना अब खेल व्यवस्था की जिम्मेदारी है। इन प्रतिभाओं को निरंतर अंतरराष्ट्रीय अनुभव, बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल विज्ञान, योग्य प्रशिक्षक और आर्थिक सुरक्षा मिलनी चाहिए। यूथ ओलम्पिक में पदक जीतना इन खिलाड़ियों की यात्रा का अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है।

जरूरत है कि इन्हें सही दिशा और अवसर दिए जाएं, ताकि आने वाले एशियाई खेलों और ओलम्पिक में भी ये खिलाड़ी देश का तिरंगा ऊंचा रख सकें। खेलपथ का संदेश: पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान जरूरी है, लेकिन उससे भी अधिक जरूरी है उनकी प्रतिभा को भविष्य के चैम्पियन में बदलने वाली मजबूत खेल व्यवस्था तैयार करना।

25 खेलों में हुआ खिलाड़ियों की प्रतिभा का प्रदर्शन

इस संस्करण में 25 पदक स्पर्धाओं वाले खेलों को शामिल किया गया। इनमें एथलेटिक्स, तैराकी, तीरंदाजी, बैडमिंटन, मुक्केबाजी, बास्केटबॉल 3×3, साइकिलिंग, फेंसिंग, फुटसल, जिम्नास्टिक, जूडो, रोइंग, रग्बी सेवन्स, नौकायन, स्केटबोर्डिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, ट्रायथलॉन, बीच वॉलीबॉल, बीच कुश्ती और वुशू सहित अन्य खेल शामिल थे। इसके अलावा युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए 10 सहभागिता आधारित खेल गतिविधियां भी रखी गईं।

भारत के प्रदर्शन में दिखी भविष्य की उम्मीद

डकार यूथ ओलम्पिक में भारत का प्रदर्शन कई मायनों में महत्वपूर्ण रहा। 17 खिलाड़ियों का छोटा दल होने के बावजूद 10 पदक जीतना भारतीय खेलों के लिए उत्साहजनक संकेत है। खास बात यह है कि पांच पदक विजेता खेलो इंडिया से जुड़े खिलाड़ी रहे। भारत ने मुक्केबाजी में दो स्वर्ण पदक जीतकर अपनी ताकत दिखाई तो तैराकी में तीन पदक हासिल कर यह भी संकेत दिया कि अब भारतीय युवा खिलाड़ी पारम्परिक पदक संभावनाओं से आगे बढ़कर नए खेलों में भी अपनी पहचान बना रहे हैं। हालांकि 2018 के 13 पदकों के रिकॉर्ड को भारत पीछे नहीं छोड़ सका, लेकिन दो स्वर्ण पदकों के साथ इस बार का प्रदर्शन भविष्य के लिए उम्मीद जगाता है।

यूथ ओलम्पिक केवल पदक जीतने की प्रतियोगिता नहीं है। इसका उद्देश्य कम उम्र के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव देना, विभिन्न देशों की खेल संस्कृतियों से परिचित कराना और उनमें ओलम्पिक मूल्यों का विकास करना है। भारत के लिए भी यह आयोजन एक महत्वपूर्ण संदेश छोड़ गया है। यदि स्कूली स्तर से प्रतिभाओं की पहचान हो, उन्हें बेहतर प्रशिक्षक, खेल सुविधाएं, वैज्ञानिक प्रशिक्षण, पोषण और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का अवसर मिले तो आने वाले वर्षों में यही युवा खिलाड़ी सीनियर ओलम्पिक में देश के पदकों की संख्या बढ़ा सकते हैं।

डकार में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियां बताती हैं कि देश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें समय पर पहचानने, सही प्रशिक्षण देने और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की। युवा ओलम्पिक के इन पदक विजेताओं को भविष्य के ओलम्पिक सितारों के रूप में तैयार करना भारतीय खेल व्यवस्था की प्राथमिकता होनी चाहिए।

रिलेटेड पोस्ट्स