पैरा एशियन चैम्पियंस के जज्बे को प्रधानमंत्री मोदी का सलाम

कहा- भारत अब विश्व खेल शक्ति बनने की ओर अग्रसर

14 से शुरू हुआ पदकों का सफर 114 पदक तक पहुंचा

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियाई पैरा गेम्स-2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाने वाले भारतीय पैरा खिलाड़ियों का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्साहवर्धन किया। गुरुवार को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में प्रधानमंत्री ने पदक विजेता खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका संघर्ष और सफलता प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा है। इस अवसर पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया तथा खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे भी उपस्थित थीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आपने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक जीतने के साथ करोड़ों देशवासियों का दिल भी जीता है। आपकी उपलब्धियां बताती हैं कि सबसे ऊंची उड़ान हौसलों से भरी जाती है। उन्होंने खिलाड़ियों के परिवारों, प्रशिक्षकों और कोचों के योगदान की भी विशेष सराहना की।

प्रधानमंत्री ने भारतीय पैरा खेलों की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2010 के पैरा एशियाई खेलों में भारत ने केवल 14 पदक जीते थे, जबकि इस बार भारतीय खिलाड़ियों ने 114 पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया है। यह उपलब्धि वर्षों की मेहनत, अनुशासन और अटूट संकल्प का परिणाम है। भारत ने इस प्रतियोगिता में 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य सहित कुल 114 पदक हासिल किए। देश के 97 पैरा खिलाड़ियों ने इस शानदार उपलब्धि में योगदान दिया। भारतीय खिलाड़ियों ने पांच विश्व रिकॉर्ड और नौ एशियाई रिकॉर्ड भी बनाए। यह प्रदर्शन एशियाई पैरा खेलों में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

शीतल देवी और सिमरन की उपलब्धियों को सराहा

प्रधानमंत्री ने दोहरे स्वर्ण पदक विजेता तीरंदाज शीतल देवी और दृष्टिबाधित धाविका सिमरन सहित कई खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से दुनिया को दिखाया है कि चुनौतियां किसी के हौसलों को रोक नहीं सकतीं। उन्होंने कहा कि सरकार पैरा खेलों को भी सामान्य खेलों के समान प्राथमिकता दे रही है। खेलो इंडिया और टॉप्स जैसी योजनाओं से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल रही हैं। इस प्रतियोगिता में टॉप्स से सहायता प्राप्त खिलाड़ियों ने 41 और खेलो इंडिया से जुड़े खिलाड़ियों ने 19 पदक जीते।

अब नजरें लॉस एंजिल्स पैरालम्पिक-2028 पर

प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से कहा कि आइची-नागोया की सफलता अंतिम मंजिल नहीं, बल्कि आगे बढ़ने का नया पड़ाव है। अब देश की नजरें लॉस एंजिल्स पैरालम्पिक-2028 पर हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अपनी उपलब्धियों का उत्सव मनाने के साथ अगली चुनौती की तैयारी में जुटने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि देश के प्रत्येक दिव्यांग भाई-बहन को सम्मान, समान अवसर और अपनी क्षमताओं के दम पर आगे बढ़ने का पूरा अवसर मिले। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिलाया कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है।

इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। प्रधानमंत्री के साथ खिलाड़ियों की यह मुलाकात भारतीय पैरा खेलों के लिए सम्मान और प्रोत्साहन का महत्वपूर्ण अवसर बनी। 114 पदकों की ऐतिहासिक उपलब्धि ने यह संदेश दिया है कि भारत की खेल शक्ति अब केवल पारम्परिक खेलों तक सीमित नहीं है, बल्कि पैरा खेलों में भी देश नई ऊंचाइयां छू रहा है।

रिलेटेड पोस्ट्स