भिण्ड के पैरा खिलाड़ियों ने भोपाल में लहराया परचम

दो स्वर्ण और दो रजत पदक जीते, पूजा और राजवीर बने चैम्पियन

राधेश्याम यादव व करिश्मा गोयल ने भी दिलाया जिले को गौरव

खेलपथ संवाद

भिण्ड। प्रतिभा, परिश्रम और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर भिण्ड के पैरा खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान कायम की है। भोपाल के छोटे तालाब पर 26 से 28 अक्टूबर तक आयोजित राष्ट्रीय पैरा कैनो स्प्रिंट प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए भिण्ड के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। इन खिलाड़ियों का जुड़ाव भिण्ड के गौरी सरोवर स्थित किशोरी बोट क्लब से है।

प्रतियोगिता में भिण्ड की पूजा ओझा ने केएल-1 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, राजवीर बघेल ने केएल-2 वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीता। राधेश्याम यादव ने केएल-3 वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया, जबकि करिश्मा गोयल ने केएल-2 वर्ग में रजत पदक जीतकर जिले की उपलब्धियों में एक और कड़ी जोड़ दी।

चार पदकों के साथ भिण्ड के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा और मेहनत का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। विशेष रूप से पूजा ओझा और राजवीर बघेल के स्वर्ण पदक ने टीम की सफलता को नई ऊंचाई दी। प्रतियोगिता में भिण्ड की अनुराधा श्रीवास भी पदक की दौड़ में शामिल थीं, लेकिन फिनिशिंग पॉइंट से लगभग दस मीटर पहले उनकी बोट पलट गई। इस अप्रत्याशित घटना के कारण वह पदक हासिल नहीं कर सकीं। हालांकि, उनका प्रतियोगिता में प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा।

किशोरी बोट क्लब की मेहनत रंग लाई

गौरी सरोवर स्थित किशोरी बोट क्लब से जुड़े खिलाड़ियों की यह सफलता स्थानीय स्तर पर खेल प्रशिक्षण और प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों का परिणाम है। भिण्ड जैसे जिले के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतना इस बात का प्रमाण है कि उचित प्रशिक्षण, अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर खिलाड़ी किसी भी चुनौतीपूर्ण खेल में अपनी पहचान बना सकते हैं।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर भिण्ड कयाकिंग-कैनोइंग के संरक्षक राधे गोपाल यादव, अध्यक्ष कुलदीप कुशवाह, सचिव डॉ. योगेंद्र यादव, गगन शर्मा, भूरे यादव, निश्चल यादव, जन अभियान प्रमुख शिव प्रताप भदौरिया, राहुल मिश्रा सहित अन्य खेल प्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि भिण्ड के ये खिलाड़ी आगे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले और मध्य प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स