टैमर कप में भारतीय मुक्केबाजों का जलवा, 14 पदक जीते

पदकों में चार स्वर्ण, दो रजत और आठ कांस्य शामिल

फिनलैंड में लहराया तिरंगा, ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। फिनलैंड के टाम्परे में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टैमर कप मुक्केबाजी प्रतियोगिता में भारतीय मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया। भारतीय टीम ने प्रतियोगिता में कुल 14 पदक हासिल किए, जिनमें चार स्वर्ण, दो रजत और आठ कांस्य पदक शामिल हैं। इस शानदार प्रदर्शन के लिए भारतीय टीम को ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ के खिताब से नवाजा गया।

प्रतियोगिता में भारतीय महिला मुक्केबाजों ने विशेष प्रभाव छोड़ा। स्वर्ण पदक जीतने वालों में आरती धरियाल (54 किग्रा), अंकुशिता बोरो (65 किग्रा) और अरुंधति चौधरी (70 किग्रा) शामिल रहीं। पुरुष वर्ग में पवन बर्तवाल ने 55 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत की स्वर्णिम सफलता में योगदान दिया।

रजत पदक जीतने वालों में अनुभवी मुक्केबाज मोहम्मद हुसामुद्दीन और जैस्मिन शामिल रहे। वहीं कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों में विवेक मीणा, हितेश, अक्षय, बोबिन चौहान, चेतन चौधरी, तनु, दिशा पाटिल और इम्रोज खान शामिल हैं। भारतीय मुक्केबाजों ने इस प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा, तकनीकी दक्षता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का शानदार परिचय दिया। 14 पदकों की उपलब्धि के साथ ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ का सम्मान मिलना भारतीय मुक्केबाजी के लिए बड़ी उपलब्धि है।

टाम्परे में भारतीय खिलाड़ियों की यह सफलता बताती है कि देश की मुक्केबाजी में महिला और पुरुष दोनों वर्गों में प्रतिभाओं की मजबूत मौजूदगी है। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि देश के युवा मुक्केबाजों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय मुक्केबाजी की पहचान को और मजबूती प्रदान करेगी।

रिलेटेड पोस्ट्स