यूथ ओलम्पिक में भारत की बेटियों का ऐतिहासिक धमाल
धिनिधि, खुशबू और राजकुमारी ने पदक जीतकर बढ़ाया देश का मान
तैराकी में पहला पदक, जूडो में रजत और वुशु में कांस्य जीतकर रचा इतिहास
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। सेनेगल के डकार में आयोजित यूथ ओलम्पिक गेम्स-2026 में भारतीय बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया है। धिनिधि देसिंघू, खुशबू रजाकभाई दरजादा और राजकुमारी लांचेनबी चानू ने तैराकी, जूडो और वुशु में पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इन तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारत की बेटियों की प्रतिभा और क्षमता को एक बार फिर साबित किया है।
तैराकी में धिनिधि देसिंघू ने महिलाओं की 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में 56.27 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता। इसके साथ ही वह यूथ ओलम्पिक में पदक जीतने वाली भारत की पहली तैराक बन गईं। इस स्पर्धा में न्यूजीलैंड की एलिसा लॉसन ने 56.13 सेकंड के साथ स्वर्ण और क्रोएशिया की एना बोबानोविक ने 55.89 सेकंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया।
जूडो में खुशबू रजाकभाई दरजादा ने महिलाओं की भारवर्ग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया। फाइनल में उनका मुकाबला जर्मनी की जोलिना रेनहोल्ड से हुआ, जहां उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा। इस उपलब्धि के साथ खुशबू यूथ ओलम्पिक में जूडो का रजत पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय खिलाड़ी बन गईं। उनसे पहले 2018 में थांगजाम तबाबी देवी ने महिलाओं के 44 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता था।
वहीं, वुशु में राजकुमारी लांचेनबी चानू ने महिलाओं की चांगक्वान कंबाइंड स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर नया इतिहास रच दिया। वह यूथ ओलम्पिक में वुशु का पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं। राजकुमारी ने गुन्शु में 8.723 और चांगक्वान में 9.316 अंक हासिल किए। उनका कुल स्कोर 18.039 रहा। मिस्र की सोंडोस सोनबोल ने 18.660 अंकों के साथ स्वर्ण और वेनेजुएला की वैलेरिया फ्रैनेरीस डुडामेल अल्वाराडो ने 18.199 अंकों के साथ रजत पदक जीता।
खास बात यह रही कि गुन्शु के प्रदर्शन के बाद राजकुमारी चौथे स्थान पर थीं, लेकिन चांगक्वान में शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम कर लिया। मणिपुर की रहने वाली राजकुमारी इससे पहले चीन के तियानजिन में आयोजित विश्व जूनियर वुशु चैंपियनशिप-2026 में भी कांस्य पदक जीत चुकी हैं। इन तीनों भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियां केवल पदकों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्होंने अपने-अपने खेलों में भारत के लिए नए रास्ते खोले हैं। तैराकी और वुशु में पहली बार यूथ ओलम्पिक पदक जीतना भारतीय खेलों के लिए विशेष उपलब्धि है।
