छह बार एशिया विजय, भारतीय हॉकी का स्वर्णिम अध्याय
जापान को हराकर भारत ने छठी बार जीती एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी
आखिरी 18 मिनट में दागे चार गोल, खिताबी हैट्रिक के साथ रचा इतिहास
खेलपथ संवाद
मोहाली। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एक बार फिर एशियाई हॉकी पर अपना दबदबा साबित कर दिया। गुरुवार को मोहाली के ओलम्पियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले गए एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी-2026 के फाइनल में भारत ने जापान को 4-1 से पराजित कर छठी बार खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी बार यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया।
भारतीय टीम ने पिछड़ने के बाद जिस जुझारूपन, संयम और आक्रामकता का परिचय दिया, वह भारतीय हॉकी की मजबूत वापसी का शानदार उदाहरण बन गया। भारत की यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि जापान ने शुरुआती मिनटों में ही बढ़त बनाकर भारतीय खेमे को चुनौती दे दी थी। लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने हार नहीं मानी और मुकाबले के अंतिम चरण में ऐसा पलटवार किया कि जापानी टीम के पास जवाब नहीं बचा।
मुकाबले के तीसरे मिनट में जापान के काजुमासा मात्सुमोतो ने गोल कर भारत को दबाव में ला दिया। पहले दो क्वार्टर तक भारतीय टीम बराबरी का गोल करने के लिए संघर्ष करती रही। मध्यांतर तक जापान 1-0 से आगे था। तीसरे क्वार्टर में भारत ने वापसी की और 42वें मिनट में शिलानंद लाकड़ा ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।
इसके बाद चौथे क्वार्टर में भारतीय आक्रमण ने जापानी रक्षापंक्ति को पूरी तरह बिखेर दिया। 48वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई। 53वें मिनट में जुगराज सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार ड्रैग फ्लिक से तीसरा गोल किया। इसके तुरंत बाद विवेक सागर प्रसाद ने चौथा गोल दागकर भारत की जीत सुनिश्चित कर दी।
कप्तान हरमनप्रीत और गोलकीपर कृष्ण बहादुर चमके
भारतीय खिलाड़ियों ने टीम की जीत के साथ व्यक्तिगत पुरस्कारों में भी अपनी चमक बिखेरी। हरमनप्रीत सिंह टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (हीरो ऑफ द टूर्नामेंट) और सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी रहे, उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में दस गोल किए। कृष्ण बहादुर पाठक को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का पुरस्कार मिला। शिलानंद लाकड़ा जापान के खिलाफ फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। कप्तान हरमनप्रीत के लिए यह टूर्नामेंट विशेष उपलब्धि वाला रहा। उनके अंतरराष्ट्रीय करियर के कुल गोलों की संख्या भी 250 तक पहुंच गई।
हॉकी इंडिया ने की इनामी राशि की घोषणा
हॉकी इंडिया ने ऐतिहासिक खिताबी जीत पर भारतीय टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के लिए तीन-तीन लाख रुपये तथा सहयोगी स्टाफ के लिए डेढ़-डेढ़ लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की। हॉकी इंडिया ने टीम के अजेय अभियान और लगातार तीसरी बार एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने को भारतीय हॉकी की बड़ी उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दी बधाई, हार्दिक को किया सम्मानित
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत पर खिलाड़ियों को बधाई दी और स्वर्ण पदक प्रदान किए। उन्होंने इस प्रतियोगिता को पंजाब की हॉकी विरासत के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताया। मुख्यमंत्री ने भारतीय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पंजाब 2030 में हॉकी विश्व कप की मेजबानी के लिए भी पूरी तरह तैयार है। फाइनल से पहले मुख्यमंत्री ने भारतीय मिडफील्डर हार्दिक सिंह को उनके 200वें सीनियर अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की उपलब्धि पर विशेष जर्सी देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भी भारतीय टीम का उत्साह बढ़ाते हुए 'चक दे इंडिया' का संदेश दिया।
एशियाई हॉकी में भारत का ऐतिहासिक दबदबा
भारत ने इससे पहले 2011, 2016, 2018 (पाकिस्तान के साथ संयुक्त विजेता), 2023 और 2024 में यह खिताब जीता था। अब छठी बार ट्रॉफी जीतकर उसने अपनी बादशाहत और मजबूत कर ली है। 2023 और 2024 के बाद 2026 में भी खिताब जीतना भारतीय हॉकी की निरंतर सफलता का प्रमाण है। इस जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय हॉकी में प्रतिभा, अनुभव और युवा जोश का बेहतरीन तालमेल है।
