राष्ट्रीय स्केटिंग प्रतियोगिता में मथुरा के शैलेन्द्र कुमार होंगे तकनीकी अधिकारी
14 से 19 नवम्बर तक कर्नाटक में होगी सीबीएसई की राष्ट्रीय स्केटिंग प्रतियोगिता
खेलपथ संवाद
मथुरा। जनपद के खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। मथुरा के वरिष्ठ स्केटिंग कोच एवं एडवोकेट शैलेन्द्र कुमार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की राष्ट्रीय स्केटिंग प्रतियोगिता 2026-27 में तकनीकी अधिकारी नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन 14 से 19 नवम्बर तक बिरला इंटरनेशनल स्कूल, बेलगावी (कर्नाटक) में होगा। इस दौरान शैलेन्द्र कुमार तकनीकी अधिकारी के रूप में प्रतियोगिता के सफल संचालन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
वर्तमान में शैलेन्द्र कुमार राजीव इंटरनेशनल स्कूल, मथुरा में स्केटिंग शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें स्केटिंग प्रशिक्षण का लम्बा अनुभव है। वे मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में वर्षों से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर जिला, प्रदेश, राष्ट्रीय और विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में अनेक स्केटिंग खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर जनपद का गौरव बढ़ा चुके हैं।
खिलाड़ियों को तराशने के साथ अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में तकनीकी अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी मिलना उनके अनुभव, कार्यकुशलता और खेल के प्रति समर्पण का सम्मान है। उनकी इस नियुक्ति से मथुरा के स्केटिंग जगत को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिली है। इस उपलब्धि पर युवा आइकॉन-2020 कन्हैया गुर्जर, एडवोकेट विपिन कुमार अग्रवाल तथा राजीव इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या नंदिता ढींगरा ने शैलेन्द्र कुमार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वे अपनी जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर मथुरा का मान बढ़ाएंगे।
शैलेन्द्र कुमार की इस नियुक्ति से जनपद के खेल प्रेमियों, स्केटिंग खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में हर्ष का माहौल है। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत अनुभव और उपलब्धियों का सम्मान है, बल्कि मथुरा के उभरते स्केटिंग खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
