आईओए चुनाव से पहले आरोपों का अखाड़ा, ओलम्पिक संघ की साख पर सवाल
पी.टी. ऊषा की शिकायत से लेकर अश्विनी नाचप्पा के आरोपों तक गरमाया माहौल
चुनावी नियमों और संविधान के प्रावधानों के बीच स्पष्टता जरूरीः अभिनव बिंद्रा
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। भारतीय खेलों की सर्वोच्च संस्था भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के आगामी चुनावों से पहले खेल प्रशासन में हलचल तेज हो गई है। संघ के भीतर नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। खिलाड़ियों पर दबाव डालने, चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन, व्हाट्सऐप के माध्यम से वोट मांगने और चुनावी प्रक्रिया में बाहरी हस्तक्षेप जैसे आरोपों ने आईओए की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस ओलम्पिक आंदोलन की बुनियाद निष्पक्षता, पारदर्शिता और खेलभावना पर टिकी है, उसी के चुनावी माहौल में इन मूल्यों को लेकर बहस छिड़ गई है।
आईओए अध्यक्ष पी.टी. ऊषा ने नौ नवम्बर को अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति (आईओसी) की अध्यक्ष कर्स्टी कोवेंट्री को पत्र लिखकर खेलों के उत्कृष्ट खिलाड़ियों (स्पोर्ट्सपर्सन्स ऑफ आउटस्टैंडिंग मेरिट-एसओएम) के चुनाव की स्वतंत्र जांच कराने का आग्रह किया है। ऊषा ने आरोप लगाया है कि चुनाव के दौरान कुछ पदाधिकारियों ने विशेष उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार किया और मतदाताओं से मतदान में भागीदारी की पुष्टि कराने जैसे प्रयास किए गए। उन्होंने चुनाव अधिकारी संजय के. श्रीवास्तव को भेजी गई अपनी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा भी उठाया है। ऊषा ने यह भी जानना चाहा है कि चुनाव प्रक्रिया में किसी सरकारी अथवा बाहरी प्रभाव की भूमिका तो नहीं रही।
गौरतलब है कि नौ नवम्बर को हुए एसओएम चुनाव में चार महिला प्रतिनिधियों के चयन के लिए मतदान हुआ था। इसमें पी.टी. ऊषा 40 मत प्राप्त कर पांचवें स्थान पर रहीं और प्रतिनिधि के रूप में निर्वाचित नहीं हो सकीं। अंजू बॉबी जॉर्ज को 53, रानी रामपाल को 50, डोला बनर्जी को 45 और साइना नेहवाल को 43 मत मिले।
अश्विनी नाचप्पा ने लगाया दबाव का आरोप
पूर्व भारतीय धाविका अश्विनी नाचप्पा ने भी चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि उन्हें और कुछ अन्य उम्मीदवारों को बाहरी दबाव के चलते चुनाव से हटने के लिए कहा गया। नाचप्पा के अनुसार उनका नाम वापस लेने का निर्णय स्वैच्छिक नहीं था। उन्होंने इसे खेल प्रशासन में पारदर्शिता और निष्पक्षता के लिए चिंताजनक बताया है। महिला वर्ग में पांच उम्मीदवारों के नाम वापस लेने के बाद छह उम्मीदवार मैदान में रह गई थीं। नाचप्पा के आरोपों ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर बहस को और तेज कर दिया है।
ओलम्पिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने भी आईओए के एसओएम चुनावों से संबंधित नियमों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अपने 31 अक्टूबर के पत्र को सार्वजनिक करते हुए आईओए संविधान के अनुच्छेद 3.7 और एसओएम चुनाव के लिए बनाए गए नियमों के बीच कथित असंगति की ओर ध्यान दिलाया है। बिंद्रा का कहना है कि चुनावी नियमों और संविधान के प्रावधानों के बीच स्पष्टता जरूरी है। उनका जोर इस बात पर है कि किसी भी संस्था की विश्वसनीयता उसके नियमों की पारदर्शिता और जवाबदेही से बनती है।
व्हाट्सऐप प्रचार और संसाधनों के इस्तेमाल पर भी शिकायतें
चुनाव से पहले पी.टी. ऊषा ने पूर्व तीरंदाज डोला बनर्जी के नाम से प्रसारित एक व्हाट्सऐप संदेश पर आपत्ति जताई थी। उनके अनुसार संदेश में 'न्यू भारत पैनल' के चार उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने की अपील की गई थी। ऊषा ने इसे चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मामला बताते हुए चुनाव अधिकारी से जांच और कार्रवाई की मांग की थी। दूसरी ओर, राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता भारोत्तोलक सतीश शिवलिंगम ने भी मतदाताओं को प्रभावित करने के कथित संगठित प्रयास और आईओए के संसाधनों के इस्तेमाल को लेकर शिकायत की थी।
पांच दिसम्बर को होगा आईओए कार्यकारिणी का चुनाव
इन तमाम विवादों के बीच आईओए की कार्यकारिणी के चुनाव पांच दिसम्बर 2026 को प्रस्तावित हैं। अब तक सामने आए आरोपों और शिकायतों के बीच आगामी चुनाव की प्रक्रिया पर सभी की निगाहें लगी हैं। भारतीय खेल जगत के लिए यह केवल पदाधिकारियों के चयन का मामला नहीं है। आईओए देश के ओलम्पिक आंदोलन का प्रतिनिधित्व करता है। ऐसे में उसकी चुनावी प्रक्रिया पर उठने वाले सवाल सीधे भारतीय खेल प्रशासन की विश्वसनीयता से जुड़ते हैं।
आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी, लेकिन इतना जरूर है कि खिलाड़ियों और खेल संगठनों का भरोसा बनाए रखने के लिए चुनाव प्रक्रिया का निष्पक्ष, पारदर्शी और संदेह से परे होना जरूरी है। खेलों की सर्वोच्च संस्था में यदि चुनावी निष्पक्षता को लेकर ही सवाल उठने लगें तो देश के खिलाड़ियों का भरोसा कैसे कायम रहेगा? आईओए के सामने सबसे बड़ी चुनौती अब केवल चुनाव कराना नहीं, बल्कि अपनी संस्थागत विश्वसनीयता बनाए रखना भी है।
