भोपाल में महिला हॉकी का महाकुंभ शुरू, भारत ने मलेशिया को हराकर किया जीत से आगाज
चीन और जापान की भी विजयी शुरुआत, खिताब की जंग में छह देशों की टीमें आमने-सामने
खेलपथ संवाद
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार को महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का शानदार आगाज हुआ। नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुरू हुई इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के पहले ही दिन भारतीय महिला हॉकी टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को 4-1 से शिकस्त देकर अपने अभियान का शानदार आगाज किया। घरेलू मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने दर्शकों में उत्साह भर दिया।
भारत की ओर से मुमताज, कप्तान सलीमा टेटे, पूजा और लालरेमसियामी ने गोल दागे। मलेशिया की ओर से जुल्किफ्ली ने एकमात्र गोल किया। भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और पूरे मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा।
टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में चीन ने थाईलैंड को 7-0 से करारी शिकस्त दी। चीन ने पहले हाफ तक 2-0 की बढ़त बना ली थी। दूसरे हाफ में उसके खिलाड़ियों ने पांच और गोल दागकर थाईलैंड को मुकाबले से पूरी तरह बाहर कर दिया। दिन के एक अन्य मुकाबले में जापान ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से पराजित किया।
प्रतियोगिता में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें खिताब के लिए चुनौती पेश कर रही हैं। टूर्नामेंट 28 नवम्बर तक चलेगा। लीग चरण में प्रत्येक टीम पांच मुकाबले खेलेगी और शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी।
भारतीय टीम इस प्रतियोगिता में गत विजेता के रूप में उतरी है। भारत इससे पहले 2016, 2023 और 2024 में खिताब जीत चुका है। अब उसकी नजर चौथी बार चैंपियन बनने पर है। भारत का अगला मुकाबला 21 नवम्बर को दक्षिण कोरिया से होगा।
भोपाल में अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी का यह आयोजन मध्य प्रदेश के खेल जगत के लिए भी महत्वपूर्ण है। पहले दिन भारतीय टीम की जीत ने साफ कर दिया है कि मेजबान खिलाड़ी घरेलू दर्शकों के सामने खिताब बचाने के लिए पूरी ताकत लगाने को तैयार हैं।
