मेरा कार्यकाल बढ़ने की सुगबुगाहट से विरोधियों में बेचैनीः आर.पी. सिंह

उत्तर प्रदेश खेल निदेशक कहिन-  सोशल मीडिया पर मेरी छवि बिगाड़ने की साजिश

आरोप लगाने वालों के खिलाफ जुटा रहा हूं सबूत, समय मिलते ही कराऊंगा तीन साल की सजा

खेलपथ संवाद

आगरा। उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक आरपी सिंह ने अपने खिलाफ सोशल मीडिया पर चल रहे आरोपों को कार्यकाल विस्तार की संभावनाओं से जोड़ते हुए विरोधियों पर निशाना साधा है। उनका दावा है कि 31 दिसम्बर 2026 को होने वाली सेवानिवृत्ति से पहले सरकार में उनका कार्यकाल दो साल बढ़ाए जाने की फाइल चल रही है। इसकी जानकारी मिलते ही कुछ लोग उनकी छवि खराब करने के अभियान में जुट गए हैं।

खेल निदेशक ने चेतावनी दी कि फिलहाल विभागीय व्यस्तताओं के कारण आरोपों का जवाब नहीं दे पा रहे हैं, लेकिन समय मिलते ही आरोप लगाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे और उन्हें कम से कम तीन साल की सजा दिलाने का प्रयास करेंगे। आरपी सिंह शुक्रवार को आगरा के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित कैंप में अंडर-18 फाइव-ए-साइड महिला हॉकी टीम के मुख्य चयनकर्ता के रूप में खिलाड़ियों के चयन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले 32 वर्षों के सेवाकाल में उनके खिलाफ कोई ऐसी बात सामने नहीं आई, लेकिन सेवानिवृत्ति से ठीक पहले अचानक बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं।

खेल निदेशक ने कहा कि उनके बेहतर सेवाकाल को देखते हुए सरकार द्वारा दो साल का कार्यकाल विस्तार दिए जाने की सम्भावना है और इस संबंध में फाइल सरकार के पास विचाराधीन है। उनका आरोप है कि इसी बात की भनक लगते ही विरोधी खेमा सोशल मीडिया के जरिए उनकी छवि खराब करने में जुट गया है। उन्होंने कहा कि सच को न दबाया जा सकता है और न ही छिपाया जा सकता है। समय आने पर वह सभी आरोपों का तथ्यों और दस्तावेजों के साथ जवाब देंगे। उन्होंने सोशल मीडिया एक्टिविस्ट के नाम पर एक व्यक्ति का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वह किसी काम से उनके पास आया था। बाद में वही व्यक्ति विभाग के कुछ अधिकारियों के सम्पर्क में आकर सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ भ्रामक और गलत बातें प्रसारित कर रहा है। आरपी सिंह ने कहा कि वह इस पूरे मामले में साक्ष्य एकत्र कर रहे हैं और उचित समय पर कानूनी कार्रवाई करेंगे।

नियुक्तियों में डेढ़ करोड़ के आरोप पर दी सफाई, बोले- चयन समिति करती है नियुक्ति

अपने ऊपर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की नियुक्ति के नाम पर डेढ़ करोड़ रुपये लेने के आरोपों को आरपी सिंह ने सिरे से खारिज किया। उन्होंने इस संबंध में दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि नियुक्ति की प्रक्रिया चयन समिति के माध्यम से होती है। नियुक्ति के बाद वेतन जारी करने की जिम्मेदारी संबंधित क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी की होती है। ऐसे में इस पूरी प्रक्रिया में उनकी भूमिका को लेकर सवाल उठाना समझ से परे है। उन्होंने विभाग के ही कुछ अधिकारियों पर आरोपों के पीछे होने का संदेह जताया। हालांकि, उनके इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। आरपी सिंह ने कहा कि विभाग के भीतर ही कुछ लोग उनके खिलाफ माहौल बनाने में लगे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'घर का भेदी लंका ढाये।'

खेल निदेशक ने बातचीत के दौरान तीन विभागीय अधिकारियों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि इनमें से एक की पेंशन उन्होंने पिछले दो साल से रोक रखी है, जबकि दूसरे का वेतन रोका गया है। उन्होंने एक महिला अधिकारी का भी नाम लिया और दावा किया कि ये अधिकारी उनके कार्यकाल विस्तार की सम्भावना से परेशान हैं। उनका कहना था कि यदि उनका कार्यकाल दो साल बढ़ जाता है तो इन अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, इसी वजह से उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।

32 साल के सेवाकाल के बाद रिटायरमेंट से पहले आरोपों पर उठाए सवाल

आरपी सिंह ने कहा कि उन्होंने खेल विभाग में 32 साल तक सेवाएं दी हैं। इतने लम्बे सेवाकाल में उनके खिलाफ कोई ठोस मामला सामने नहीं आया, लेकिन अब जबकि 31 दिसम्बर 2026 को उनकी सेवानिवृत्ति प्रस्तावित है, तब अचानक आरोपों की बौछार शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल खेल गतिविधियों और चयन प्रक्रिया में व्यस्त होने के कारण वह हर आरोप का तत्काल जवाब नहीं दे पा रहे हैं। उनके पास संबंधित दस्तावेज और साक्ष्य हैं, जिन्हें व्यवस्थित किया जा रहा है। समय मिलते ही वह आरोप लगाने वालों के खिलाफ कानूनी कदम उठाएंगे। आरपी सिंह ने स्पष्ट किया कि वह सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे आरोपों को चुपचाप स्वीकार नहीं करेंगे और उचित मंच पर उनका जवाब देंगे। हालांकि, उनके द्वारा लगाए गए आरोपों तथा नियुक्तियों में कथित अनियमितताओं के मामले में संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

रिलेटेड पोस्ट्स