एकलव्य स्टेडियम आगरा के विवादों पर आर.पी. सिंह सख्त

आरएसओ समेत कोच और कर्मचारियों को लगाई फटकार

कहा- पदक विजेताओं के सम्मान में जल्द होगा भव्य समारोह

खेलपथ संवाद

आगरा। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही खींचतान और विवादों पर आखिरकार प्रदेश के खेल निदेशक आरपी सिंह का पारा चढ़ गया। शुक्रवार को स्टेडियम के निरीक्षण के दौरान उन्होंने आरएसओ संजय शर्मा, कोचों और कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाते हुए साफ कहा कि आपसी लड़ाई और आरोप-प्रत्यारोप से खेल का माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। खिलाड़ियों के हितों से कोई समझौता नहीं होगा।

इसी दौरान उन्होंने राष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी वंश के मामले में हस्तक्षेप करते हुए उसे जरूरी खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेश के पदक विजेताओं के लिए जल्द बड़े सम्मान समारोह और आकर्षक पुरस्कार राशि देने की घोषणा भी की। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में लम्बे समय से चल रहे विवादों और आपसी खींचतान को लेकर प्रदेश के खेल निदेशक एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी आरपी सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है।

शुक्रवार को स्टेडियम के निरीक्षण पर पहुंचे खेल निदेशक ने क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी (आरएसओ) संजय शर्मा, कोचों और कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आपसी विवाद, आरोप-प्रत्यारोप और खींचतान से न केवल स्टेडियम का माहौल खराब होता है, बल्कि खेल विभाग की छवि भी प्रभावित होती है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी तालमेल के साथ खिलाड़ियों के हित में काम करना चाहिए।

खेल निदेशक ने स्टेडियम में उपलब्ध खेल सुविधाओं, अभ्यास स्थलों और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुराने और अनुपयोगी खेल उपकरणों को नियमानुसार नीलाम कर उनकी जगह नए एवं गुणवत्तापूर्ण उपकरण खरीदने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

खेल निदेशक आरपी सिंह ने बताया कि प्रदेश के पदक विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहित और सम्मानित करने के लिए जल्द ही भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें खिलाड़ियों को बड़ी पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। हालांकि उन्होंने समारोह की तारीख और पुरस्कार राशि का खुलासा नहीं किया। उन्होंने बताया कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राजपत्रित पदों पर सरकारी नौकरी देने की दिशा में भी लगातार काम किया जा रहा है।

आर.पी. सिंह ने कहा कि एशियाई खेलों में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों का प्रदर्शन और पदकों की संख्या प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की मजबूती को दर्शाती है। आगरा भी खेल गतिविधियों का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। वहीं, हॉकी इंडिया से जुड़े विवाद पर उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया।

खिलाड़ी वंश के मामले में अधिकारियों को दिए निर्देश

राष्ट्रीय स्तर के टेबल टेनिस खिलाड़ी वंश का मामला भी खेल निदेशक के सामने पहुंचा। न्याय की मांग को लेकर वंश के पिता शैलेश सिंह ने बेटे के साथ उनसे मुलाकात की और स्टेडियम में बेटे को हो रही परेशानियों के साथ खेल सामग्री उपलब्ध नहीं कराए जाने का मुद्दा उठाया। शैलेश सिंह के मुताबिक, खेल निदेशक ने वंश को दोबारा स्टेडियम भेजने की बात कही है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को उसे किट, टेबल टेनिस रैकेट, रबर सहित अन्य आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इस पहल से खिलाड़ी और उसके परिवार को मामले के समाधान की उम्मीद जगी है।

रिलेटेड पोस्ट्स