वेस्ट जोन महिला क्रिकेट में दम दिखाएगी आरएनटीयू की टीम
सोनिया सिंह को कप्तानी, हर्षिता सिंह होंगी उपकप्तान
खेलपथ संवाद
भोपाल। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) की अंतर विश्वविद्यालयीन वेस्ट जोन महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 2026-27 में रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू), रायसेन की महिला क्रिकेट टीम भी अपनी चुनौती पेश करेगी। प्रतियोगिता 23 से 29 नवम्बर तक गुजरात के सूरत स्थित पीपी सवानी विश्वविद्यालय में आयोजित होगी। इसमें आरएनटीयू की 16 सदस्यीय टीम की कमान सोनिया सिंह को सौंपी गई है, जबकि हर्षिता सिंह उपकप्तान एवं विकेटकीपर की जिम्मेदारी निभाएंगी।
विश्वविद्यालय ने प्रतियोगिता के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत 16 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया है। टीम में सोनिया सिंह (बीए, द्वितीय वर्ष), हर्षिता सिंह (बीपीईएस, द्वितीय वर्ष), भूमि मिश्रा (बीकॉम, प्रथम वर्ष), तानिष्का सेन (एमए समाजशास्त्र, प्रथम वर्ष), वैष्णवी पाल (बीपीईएस, द्वितीय वर्ष), राजनंदिनी कुमारी (बीएजेएमसी ऑनर्स, प्रथम वर्ष), मान्या भाटी (बीपीईएस, प्रथम वर्ष), रितिका अहिरवार (बीपीईएस, प्रथम वर्ष), शिवानी शुक्ला (बीपीएड, द्वितीय वर्ष), हंशिका किरार (बीकॉम, प्रथम वर्ष), देवांशी देवू चौधरी (एमपीईएस, प्रथम वर्ष), पल्लवी राजेश यादव (एमपीईएस, द्वितीय वर्ष), इशिका सिंह (पीजीडीएसएम, प्रथम वर्ष), काजल चौरसिया (बीपीईएस, प्रथम वर्ष), पूनम अहिरवार (बीपीएड, प्रथम वर्ष) एवं सुषमा विश्वकर्मा (बीपीईएस, द्वितीय वर्ष) शामिल हैं। टीम के साथ कोच रीना यादव और मैनेजर राहुल शिंदे भी जाएंगे।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन और अगले चरण में जगह बनाने के उद्देश्य से खिलाड़ियों ने विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित 15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में जमकर अभ्यास किया। शिविर के दौरान बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण के साथ खेल की रणनीति, आपसी तालमेल और टीम भावना पर विशेष ध्यान दिया गया। टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि खिलाड़ी अपने अभ्यास और मेहनत के दम पर प्रतियोगिता में प्रभावशाली प्रदर्शन करेंगी।
प्रबंधन ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
विश्वविद्यालय के चांसलर संतोष चौबे, आईसेक्ट इंडिया समूह के कार्यकारी उपाध्यक्ष डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी, प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, कुलगुरु प्रो. आरपी दुबे, प्रो-वाइस चांसलर डॉ. संजीव कुमार गुप्ता एवं कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने टीम को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। चांसलर संतोष चौबे ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अपनी प्रतिभा और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय एवं प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि खेलों में निरंतर अभ्यास, अनुशासन और टीम भावना सफलता की बुनियाद हैं। उन्हें विश्वास है कि टीम सामूहिक प्रयासों से प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करेगी। वहीं, डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने महिला खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी को सकारात्मक बदलाव और सशक्तीकरण का प्रतीक बताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कुलगुरु प्रो. आरपी दुबे ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि क्रिकेट में अनुशासन, रणनीतिक सोच, धैर्य और आपसी तालमेल जीत के महत्वपूर्ण आधार हैं। प्रो-वाइस चांसलर डॉ. संजीव कुमार गुप्ता एवं कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने भी टीम को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
