सब जूनियर हॉकी: विजय मित्र द्विवेदी इलेवन की जीत
रोमांचक मुकाबले में जम्मनलाल शर्मा इलेवन को 3-2 से हराया, गांधी क्लब बीबीके भी जीता
खेलपथ संवाद
लखनऊ। केडी सिंह बाबू सोसाइटी की ओर से आयोजित तीसरी स्वर्गीय विजय मित्र द्विवेदी (चकई दादा) स्मारक सब जूनियर हॉकी प्रतियोगिता में रविवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले मैच में विजय मित्र द्विवेदी इलेवन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जम्मनलाल शर्मा इलेवन को 3-2 गोल से पराजित किया।
चंद्रभान गुप्ता खेल मैदान (नेशनल कॉलेज) पर खेले गए दूसरे मुकाबले में गांधी क्लब बीबीके ने मोहम्मद शाहिद इलेवन को कड़े संघर्ष में 1-0 गोल से शिकस्त दी। प्रतियोगिता के अगले दिन सोमवार को दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच गांधी क्लब बीबीके और केडी सिंह इलेवन के बीच दोपहर 2:15 बजे होगा। वहीं, दूसरे मुकाबले में बुला गांगुली इलेवन और जम्मनलाल इलेवन की टीमें दोपहर 3:30 बजे आमने-सामने होंगी।
