भारतीय पुरुष हॉकी टीम का निराशाजनक प्रदर्शन जारी
प्रो लीग मुकाबले में स्पेन से मिली 0-2 की हार
खेलपथ संवाद
होबार्ट। भारतीय पुरुष हॉकी टीम का एफआईएच प्रो लीग में निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा। टीम की नजरें वापसी पर लगी हुई थी, लेकिन उसे स्पेन से 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। भारत अब रविवार को प्रो लीग के होबार्ट चरण के अपने दूसरे मैच में मेजबान ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा। भारतीय टीम की खराब फॉर्म जारी रही। स्पेन के लिए इग्नासियो अबाजो ने छठे मिनट और इग्नासियो कोबोस ने 36वें मिनट में गोल किए।
स्पेन की टीम ने मौकों का फायदा उठाया, जबकि भारत लगातार आक्रमण के बावजूद अच्छे मौकों को भुना नहीं पाया। राउरकेला में घरेलू चरण में भारत को विरोधी टीमों से बुरी तरह हार मिली। बेल्जियम और अर्जेंटीना से दो-दो हार झेलने वाली भारतीय टीम विदेशी चरण के दौरान नए कप्तान हार्दिक सिंह के नेतृत्व में वापसी करने और नई शुरुआत करने की उम्मीद कर रही थी। भारतीय टीम ने कई अच्छे मौके बनाए और क्वार्टर के आखिर में लगभग बराबरी कर ही ली थी जब अभिषेक ने एक जोरदार शॉट लगाया लेकिन स्पेनिश गोलकीपर लुइस कैलजाडो ने इसका शानदार बचाव किया। सीरीज का होबार्ट चरण 25 फरवरी तक चलेगा।
