पहलवान मीनाक्षी गोयत ने किया उलटफेर, अंतिम पंघाल को हराया

एशियाई चैम्पियनशिप के लिए भारतीय महिला टीम में जगह बनाई

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। पहलवान मीनाक्षी गोयत ने बड़ा उलटफेर करते हुए अंतिम पंघाल को हराकर अगले महीने होने वाली एशियाई चैम्पियनशिप के लिए भारतीय महिला टीम में जगह बना ली है। दो बार की विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता अंतिम को घरेलू मैदान पर हार झेलनी पड़ी। ट्रायल में इससे पहले तीन बार अंतिम से हार चुकी मीनाक्षी ने इस बार मजबूत रक्षात्मक खेल का शानदार प्रदर्शन किया और 6-2 की बढ़त लेने के बाद विन बाय फॉल से जीत दर्ज की।

एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता अंतिम, दिग्गज विनेश फोगाट के 53 किलोग्राम वर्ग छोड़ने के बाद इस वर्ग में दबदबा बनाए हुए थीं। मुकाबले के दौरान मीनाक्षी ने कई बार अंतिम के सिर पर मजबूत पकड़ बनाई और उन्हें आक्रामक खेल का प्रदर्शन नहीं करने दिया। शुरुआत में अंतिम ने मीनाक्षी के दोनों पैरों को जकड़ने की कोशिश की, लेकिन उनकी यह चाल नाकाम हो गई। अंतिम हार के बाद कुछ समय तक अविश्वास में मैट पर ही पड़ी रहीं, जबकि मीनाक्षी मुस्कुराते हुए उनके पास गईं और हाथ बढ़ाया।

दो बार की राष्ट्रीय चैम्पियन 25 वर्षीय मीनाक्षी सोनीपत में पूर्व राष्ट्रीय कोच कुलदीप मलिक के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेती हैं। वह पहले 50 किलोग्राम वर्ग में भी खेल चुकी हैं, लेकिन अब 53 किलोग्राम में चुनौती पेश करती हैं। मीनाक्षी ने कहा, ट्रायल जीतना बेहद खुशी की बात है। मैं इस पल का आनंद ले रही हूं। पहले मैं बड़े नामों के खिलाफ अच्छा खेलते हुए भी हार जाती थी, लेकिन इस बार मैंने मौका नहीं गंवाया। मेरे मन में अपनी क्षमता को लेकर संदेह था, जिसे मैंने दूर कर लिया। अंतिम से भी गलतियां हुईं और मैंने उनका फायदा उठाया।

एशियाई चैम्पियनशिप छह से 11 अप्रैल तक किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित होगी। इसी बीच 50 किलोग्राम वर्ग में नीलम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम में जगह बनाई। अन्य वर्गों में मानसी अहलावत (62 किलोग्राम) और मनीषा भानवाला (57 किलोग्राम) ने जीत दर्ज की। मनीषा के 62 किलोग्राम से 57 किलोग्राम में आने के कारण इस वर्ग में कम पहलवानों ने हिस्सा लिया।

इसके अलावा हंशिका (55 किलोग्राम), नेहा सांगवान (59 किलोग्राम), मोनिका (65 किलोग्राम), मानसी लाठेर (68 किलोग्राम), हर्षिता (72 किलोग्राम) और काजल (76 किलोग्राम) ने भी अपने-अपने वर्ग में जीत हासिल की। पुरुष वर्ग में अंकुश (57 किलोग्राम), अमन सहरावत (61 किलोग्राम), सुजीत कलकल (65 किलोग्राम), अभिमन्यु (70 किलोग्राम), जयदीप (74 किलोग्राम), संदीप मान (79 किलोग्राम), मुकुल दहिया (86 किलोग्राम), पुनीत कुमार (92 किलोग्राम), विक्की (97 किलोग्राम) और दिनेश (125 किलोग्राम) ने भारतीय टीम में जगह बनाई।

रिलेटेड पोस्ट्स