एशियाई मुक्केबाजी में प्रीति पवार ने किया बड़ा उलटफेर

ओलम्पिक कांस्य विजेता इम को हराकर फाइनल में पहुंचीं

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। उदीयमान भारतीय मुक्केबाज प्रीति पवार ने पेरिस ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता कोरिया की ऐजी इम को हराकर एशियाई मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। दूसरी तरफ  भारत को निकहत जरीन और लवलीना बोरगोहेन के बाहर होने से झटका लगा जो अपने-अपने मुकाबले गंवा बैठीं। प्रिया और अरूंधति चौधरी ने भी अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर दबदबा बनाया। विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता पूजा रानी और अंकुशिता बोरो को सेमीफाइनल में हारने के बाद कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता प्रीति ने तीन दौर के मुकाबले में इम को 5-0 से हराया। अब फाइनल में उनका सामना तीन बार की विश्व चैम्पियन (2019, 2023,2025) और टोक्यो ओलम्पिक 2020 की कांस्य पदक विजेता चीनी ताइपै की हुआंग सियाओ वेन से होगा। महिलाओं के 60 किलो वर्ग में प्रिया ने स्थानीय मुक्केबाज नामून मोंखोर को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब उनका सामना उत्तर कोरिया की उन जियोंग वोन से होगा।

अरूंधति ने उजबेकिस्तान की ओइशा तोइरोवा को 70 किलो वर्ग के सेमीफाइनल में 4-1 से हराया। अब उनका सामना कजाखस्तान की बेकित सेइदिश से होगा। दो बार की विश्व चैम्पियन निकहत को ओलम्पिक पदक विजेता चीन की वू यू ने 51 किलो वर्ग के सेमीफाइनल में 5-0 से मात दी। निकहत की इस मुक्केबाज के खिलाफ यह दूसरी हार है। टोक्यो ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता लवलीना को 75 किलो वर्ग में विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता उजबेकिस्तान की अजीजा जोकिरोवा ने 5-0 से मात दी। पहले दौर में बाय मिलने के बाद यह टूर्नामेंट में लवलीना का पहला मुकाबला था। अंकुशिता को चीनी ताइपे की नियेन चिन चेन ने 3-0 से हराया। महिलाओं के 80 किलो वर्ग में पूजा सेमीफाइनल में कजाखस्तान की एन रियाबेत्स से हार गईं।

रिलेटेड पोस्ट्स