'गोल्‍डन पंच' लगाने उतरेंगे भारत के आठ मुक्‍केबाज

मीनाक्षी, जैस्मीन, विश्वनाथ और सचिन ने फाइनल में बनाई जगह

खेलपथ संवाद

उलानबटोर। मौजूदा विश्व चैम्पियन जैस्मीन लम्बोरिया और मीनाक्षी हुड्डा एशियाई मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के फाइनल में पहुंच गई हैं वहीं विश्वनाथ सुरेश (50 किलोग्राम) और सचिन सिवाच (60 किलोग्राम) ने भी फाइनल में जगह बना ली है। टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक के लिए खेलने वाले भारतीय मुक्केबाजों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। अब यह सभी मुक्केबाज फाइनल में स्वर्ण पदक के लिए पंच लगाएंगे।

एशियाई मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में आकाश (75 किलोग्राम), लोकेश (85 किलोग्राम), नरेंदर बेरवाल (90 प्लस) और हर्ष चौधरी (90 किलोग्राम) को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। महिलाओं के 48 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल में मीनाक्षी ने थाईलैंड की थिपसाशा योदवारी को 4-1 से हराया। अब उनका सामना मंगोलिया की मुक्केबाज नोमुंदारी एंख अमगालान से होगा। वहीं जैस्मीन ने 57 किलोवर्ग के सेमीफाइनल में उजबेकिस्तान की निजिना उक्तामोवा को 3-2 से हराया। अब वह थाईलैंड की पुनरावी रयूनरोस से खेलेंगी। पुरूष वर्ग में विश्वनाथ ने जोर्डन के हुताइफा एशिश को 5-0 से हराया।

विश्व कप पदक विजेता सचिन ने थाईलैंड के साकदा रूआमथाम को 4-1 से मात दी। हालांकि, भारत के आकाश को उजबेकिस्तान के जावोखिर अब्दुरखिमोव ने 4-1 से हराया, जबकि लोकेश उजबेकिस्तान के जासुरबेक युलदोशेव से 5-0 से हार गए। एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता नरेंदर को चीन के बायिकेवुजी दानाबीके ने 4-1 से हराया और हर्ष चौधरी को ताजिकिस्तान के परवेज करीमोव ने 4-1 से मात दी।

 

 

रिलेटेड पोस्ट्स