देश को अनुशासित-राष्ट्रवादी, सेवाभावना से प्रेरित स्वयंसेवी बल की जरूरत
मेजर जनरल गगन दीप बक्शी ने वीपीआरएफ को आजाद हिन्द फौज-2.0 बताया
वेटरन्स इंडिया के राष्ट्रीय वेबिनार में सभी से जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान
श्रीप्रकाश शुक्ला
नई दिल्ली/चेन्नई। देश की भलाई के लिए सभी नागरिकों को अपनी व्यक्तिगत, राजनीतिक और धार्मिक पहचान से ऊपर उठकर एक 'भारतीय' के रूप में सोचना चाहिए। हम एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने दैनिक कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करके देश के विकास और निर्माण में अपना योगदान दे सकते हैं। सच कहें तो आज देश को अनुशासित, राष्ट्रवादी, सेवाभावना से प्रेरित स्वयंसेवी बल की जरूरत है। यह सारगर्भित बातें सेवानिवृत्त मेजर जनरल (डॉ.) गगन दीप बक्शी ने वेटरंस इंडिया द्वारा वीपीआरएफ-स्वयंसेवी देशभक्ति रिजर्व बल के बैनर तले “राष्ट्रवाद एवं देशभक्ति” विषय पर आयोजित राष्ट्रीय वेबिनार में देशभर के पूर्व सैनिकों, युवाओं, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा देशभक्त नागरिकों को बताईं।
राष्ट्रीय वेबिनार में गूगल मीट एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से हजारों लोग जुड़े। वेबिनार का उद्घाटन डॉ. अशोक कुमार लेंका, नेशनल सेक्रेटरी वेटरन्स इंडिया स्पोर्ट्स एवं वीपीआरएफ ने किया। वेबिनार के राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. अशोक लेंका ने मुख्य अतिथि एवं सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए वीपीआरएफ के राष्ट्रव्यापी प्रशिक्षण मॉड्यूल तथा राष्ट्र निर्माण के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वीपीआरएफ का ध्येय वाक्य एक राष्ट्र, एक मिशन, एक गौरव है।
वेबिनार के मुख्य वक्ता सेवानिवृत्त मेजर जनरल जी.डी. बक्शी ने राष्ट्रवाद, देशभक्ति, राष्ट्रीय सुरक्षा एवं राष्ट्र निर्माण पर अत्यंत प्रेरणादायक एवं ऊर्जावान सम्बोधन दिया। उन्होंने युवाओं एवं नागरिकों से राष्ट्रहित में संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया। अपने सम्बोधन में मेजर जनरल बक्शी ने वीपीआरएफ को “आज़ाद हिन्द फौज 2.0” की संज्ञा देते हुए कहा कि आज देश को एक अनुशासित, राष्ट्रवादी एवं सेवाभावना से प्रेरित स्वयंसेवी बल की आवश्यकता है। उन्होंने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस एवं आजाद हिन्द फौज के वीर सैनिकों के सम्मान में एक भव्य युद्ध स्मारक स्थापित करने की मांग की।
मेजर जनरल जी.डी. बक्शी ने वेटरंस इंडिया के संस्थापक डॉ. बिनय कुमार मिश्रा की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने वीपीआरएफ जैसी दूरदर्शी एवं राष्ट्रहितकारी अवधारणा को उत्कृष्ट रूप से संरचित किया है। तत्पश्चात डॉ. बिनय कुमार मिश्रा ने वर्तमान वैश्विक एवं राष्ट्रीय परिस्थितियों में वीपीआरएफ की आवश्यकता एवं महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। मेजर जनरल बक्शी ने वीपीआरएफ के 1.5 करोड़ लक्ष्य अभियान को अत्यंत तीव्र गति से आगे बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया और इसे देश के सबसे बड़े राष्ट्रवादी जन आंदोलनों में परिवर्तित करने का आह्वान किया।
वेबिनार में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, छात्रों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं राष्ट्रप्रेमी नागरिकों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने वीपीआरएफ की राष्ट्र निर्माण की इस अनूठी पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। वेबिनार का संचालन जी. मुरली आचार्य, नेशनल सेक्रेटरी ऑफिस, वेटरन्स इंडिया द्वारा मास्टर ऑफ सेरेमनी के रूप में किया गया। वेबिनार के अंत में डॉ. एम.बी. सिंह चौहान, उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय समन्वयक, वीपीआरएफ ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्रतिभागियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात राष्ट्रगान के साथ वेबिनार का समापन हुआ।
