एफआईएच नेशंस कप में भारत ने जापान को 2-1 से हराया

सेमीफाइनल में बनाई जगह, सलीमा टेटे-लालरेम्सियामी चमकीं

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। ऑकलैंड में खेले गए एफआईएच नेशंस कप मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जापान को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। कप्तान सलीमा टेटे और स्टार फॉरवर्ड लालरेम्सियामी के गोल भारत की जीत का आधार बने।

यह टूर्नामेंट में भारत की लगातार दूसरी जीत रही। इससे पहले टीम ने अमेरिका को हराया था। इस जीत के साथ भारत के छह अंक हो गए हैं और टीम ने अंतिम चार में प्रवेश सुनिश्चित कर लिया है। अब विजेता टीम अगले सत्र में एफआईएच प्रो लीग में जगह बनाएगी। पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला और कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। तीसरे क्वार्टर में भारत ने 33वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके बढ़त हासिल की। निक्की प्रधान ने नवनीत कौर के प्रयास को सलीमा टेटे की ओर मोड़ा, जिन्होंने गेंद को नेट में डालकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।

भारत की बढ़त ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। जापान ने दो मिनट के भीतर ही वापसी करते हुए ऐ हिरमित्सु के पेनल्टी कॉर्नर गोल से स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। मैच के अंतिम क्वार्टर में भारत ने फिर से बढ़त हासिल की। 49वें मिनट में लालरेम्सियामी ने शानदार फिनिश करते हुए गेंद को नेट में डाल दिया। सुशीला चानू के सटीक पास ने इस गोल की नींव रखी और भारत को 2-1 से अहम जीत दिलाई।

इस मैच में मिडफील्डर ज्योति ने अपने करियर का 100वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलकर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। भारत अब अपने पूल ए के आखिरी मैच में उरुग्वे से भिड़ेगा, जबकि जापान और अमेरिका सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए आमने-सामने होंगे।

रिलेटेड पोस्ट्स