ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत

डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर ने रचा इतिहास

खेलपथ संवाद  

ग्लास्गो। 23वें राष्ट्रमंडल खेल धीरे-धीरे समापन की तरफ बढ़ रहे हैं। अब तक मेडल टैली में ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत कायम है। शुक्रवार को मेडल टैली के शीर्ष पांच देशों में मामूली बदलाव हुआ है। 55 स्वर्ण समेत कुल 128 पदकों के साथ ऑस्ट्रेलिया अभी भी शीर्ष पर काबिज है। कनाडा और इंग्लैंड 17 स्वर्ण पदकों के मामले में बराबर हैं, लेकिन इंग्लैंड के रजत पदक 34 और कुल मेडल्स की संख्या 80 हो गई। इसी के साथ उसने 15 सिल्वर मेडल वाले कनाडा को तीसरे नम्बर पर धकेल दिया।

कुल 53 पदकों के साथ कनाडा तीसरे नम्बर पर है। मेजबान स्कॉटलैंड 10 स्वर्ण पदकों के अब तक 34 मेडल जीत चुका है और पदक तालिका में चौथे स्थान पर है। अफ्रीकी देश नाइजीरिया नौ स्वर्ण समेत 14 पदक जीतकर पांचवें स्थान पर है। इस तालिका में भारत 10वें नम्बर पर है। भारतीय खिलाड़ियों ने अब तक पांच स्वर्ण, 12 रजत और चार कांस्य पदक जीते हैं। सर्वाधिक पदक एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स में आए हैं। इसके अलावा जूडो, भारोत्तोलन और पैरा भारोत्तोलन में भी खिलाड़ियों ने कई पदक जीते।

पुरुष 400 मीटर बाधा दौड़ में पदक से चूका भारत

भारत के संतोष कुमार तमिलरासन और यशस पलाक्षा पुरुष 400 मीटर फाइनल में पदक जीतने से चूक गए। संतोष ने 50.37 सेकेंड का समय लेकर सातवां स्थान हासिल किया, जबकि यशस 51.81 सेकेंड के साथ आठवें स्थान पर रहे। इस स्पर्धा में नाइजीरिया के इजेकियल नाथानिएल ने 48.47 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। इंग्लैंड के जेक मिनशुल (48.99 सेकेंड) ने रजत और जमैका के असिनी विल्सन (49.22 सेकेंड) ने कांस्य पदक अपने नाम किया। दौड़ के शुरुआती चरण से ही भारतीय धावक शीर्ष खिलाड़ियों की रफ्तार का मुकाबला नहीं कर सके और पदक की दौड़ अंतिम चरण से पहले ही उनसे दूर हो गई।

नरेंद्र ने 90 किलोग्राम बॉक्सिंग के फाइनल में बनाई जगह

भारत के मुक्केबाज नरेंद्र ने पुरुष 90 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने सेमीफाइनल में त्रिनिदाद और टोबैगो के नाइजेल पॉल को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। नरेंद्र ने शुरुआती दो राउंड में सभी पांचों जजों को प्रभावित करते हुए बढ़त बना ली थी। अंतिम राउंड में नाइजेल पॉल ने बेहतर प्रदर्शन किया और तीन जजों ने यह राउंड उनके पक्ष में दिया, लेकिन शुरुआती दो राउंड में बनाई गई मजबूत बढ़त के दम पर नरेंद्र ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर ने रचा इतिहास

भारत के तेजस्विन शंकर ने इतिहास रचते हुए पुरुषों की डेकाथलॉन स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। वह इस कठिन स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। तेजस्विन ने अंतिम 1500 मीटर दौड़ 4:36.19 मिनट में पूरी की, जिसके लिए उन्हें 704 अंक मिले। उन्होंने कुल 7,976 अंकों के साथ प्रतियोगिता समाप्त की और कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

रिलेटेड पोस्ट्स