भारत के लिए ऐतिहासिक रहा नौवां दिन, मेडल संख्या 23 पहुंची
भालाफेंक में नीरज चोपड़ा की चांदी, यशवीर सिंह को मिला कांस्य पदक
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। ग्लास्गो में खेले जा रहे कॉमनवेल्थ गेम्स में शुक्रवार का दिन भारत के लिए शानदार रहा है। भारत को जूडो में दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल मिला है। भारत के लिए अस्मिता डे और हर्ष सिंह ने जूडो में गोल्ड मेडल जीता है। इसके अलावा जैवलिन के मेडल इवेंट में भी नीरज चोपड़ा ने जहां सिल्वर मेडल जीता तो यशवीर सिंह कांस्य पदक जीतने में कामयाब रहे।
जूडो में यामिनी मौर्य ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए नौवां दिन काफी शानदार रहा जिसमें जूडो में दो गोल्ड जीतने में सफलता मिली तो वहीं एक सिल्वर मेडल भी जीता। इसके अलावा जैवलिन थ्रो के इवेंट में भी एक सिल्वर और एक कांस्य पदक जीता। जैवलिन थ्रो के फाइनल इवेंट में भारत के यशवीर सिंह जिनका पांचवें राउंड तक कोई कमाल देखने को नहीं मिला था उन्होंने आखिरी राउंड 85.41 मीटर का थ्रो करने के साथ तीसरी पोजीशन पर कब्जा कर लिया है। डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर ने कांस्य पदक जीत इतिहास रच दिया। इसके अलावा बॉक्सिंग सेमीफाइनल में उतरे सभी दस मुक्केबाजों ने गोल्ड मेडल मुकाबले के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली।
पाकिस्तान के अरशद नदीम तीसरे राउंड से हुए बाहर
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पाकिस्तान के ओलंपिक पदक विजेता अरशद नदीम का जैवलिन थ्रो के फाइनल इवेंट में काफी खराब प्रदर्शन देखने को मिला जिसमें तीसरे राउंड में वह 75.39 का थ्रो करने के साथ बाहर हो गए हैं, अरशद ने पहले राउंड में जहां फाउल किया तो वहीं दूसरे राउंड में उन्होंने 77.41 मीटर का थ्रो किया था।
