एमपी की स्वर्णिम उम्मीदों पर झारखंड की बेटियों ने फेरा पानी

लगातार 10वें वर्ष फाइनल में पहुंची हॉकी झारखंड की टीम

राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैम्पियनशिपः मध्यप्रदेश की पेनाल्टी शूटआउट में हार

खेलपथ संवाद

पुणे महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैम्पियनशिप में हॉकी झारखंड की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल मुकाबले में हॉकी मध्यप्रदेश को पेनाल्टी शूटआउट में 2-1 से पराजित कर लगातार 10वें वर्ष फाइनल में प्रवेश किया।

सेमीफाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा। मैच के पहले क्वार्टर में हॉकी मध्यप्रदेश ने 15वें मिनट में गोल कर 1–0 की बढ़त बना ली। इसके बाद दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। दूसरे और तीसरे क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ। मैच के अंतिम क्षणों में हॉकी झारखंड ने शानदार वापसी की। 60वें मिनट में झारखंड की ओर से एस्थर होरो ने शानदार फील्ड गोल कर टीम को 1–1 की बराबरी पर ला दिया, जिसके बाद मुकाबला पेनाल्टी शूटआउट तक पहुंचा।

पेनाल्टी शूटआउट में झारखंड की ओर से सलोमी नाग ने पहला गोल किया। इसके बाद अनुप्रिया सोरेंग के प्रयास के दौरान पेनाल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे रजनी केरकेट्टा ने गोल में तब्दील कर झारखंड को बढ़त दिलाई। झारखंड की गोलकीपर गंगी बरलाब ने मध्यप्रदेश के प्रयासों को शानदार ढंग से रोकते हुए टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस प्रतियोगिता में हॉकी झारखंड की टीम ने लगातार शानदार वापसी करते हुए अपने मुकाबले जीते हैं। दबावपूर्ण परिस्थितियों में अंतिम क्षण तक संघर्ष करने और मैच का रुख बदलने की टीम की क्षमता उसकी बड़ी ताकत बनकर सामने आई है। इसी शानदार प्रदर्शन का परिणाम है कि झारखंड की जूनियर महिला टीम लगातार 10वें वर्ष फाइनल में पहुंचने में सफल रही।

हॉकी झारखंड ने प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबले में हॉकी चंडीगढ़ को 6–0 से तथा हॉकी पंजाब को 3–1 से पराजित किया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा को पेनाल्टी शूटआउट में 4–3 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए झारखंड की एस्थर होरो को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जिसने मैच के अंतिम क्षण में गोल कर झारखंड को मैच में वापस ले आई। हॉकी झारखंड की टीम के फाइनल में प्रवेश करने पर हॉकी झारखंड एवं खेल विभाग के समस्त पदाधिकारियों ने टीम को हार्दिक बधाई तथा फाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं।

हॉकी झारखंड की टीमः गंगी बरला, सोनाली तिर्की, सरोज कुमारी, जिरेन सोय, एस्थर होरो, संगीता कुमारी, अनीषा कुल्लू, सलोमी नाग, गुलजन कुमारी, रजनी केरकेट्टा, पुष्पा डांग, अनुप्रिया सोरेंग, रीना कुल्लू, स्वीटी डुंगडुंग, सरोज मुंडरी, सुकरमनी मुंडू, लियोनी हेमरोम एवं जमुना कुमारी। मुख्य कोच: विकास पंत, सहायक कोच: अभिषेक कुमार, मैनेजर: दिव्या डुंगडुंग, फिजियो: स्वीटी खातून।

रिलेटेड पोस्ट्स