डॉक्टर साहब एक हाथ बढ़ाइए, एक सपना बचाइए

खेलपथ का एक चिकित्सक- एक प्रतिभा अभियान

आओ किसी खिलाड़ी के भविष्य के साथ खड़े होने का लें संकल्प

खेलपथ विशेष

ग्वालियर। मैदान पर दौड़ता हुआ हर खिलाड़ी केवल पदक के लिए नहीं दौड़ता। उसके साथ दौड़ते हैं उसके सपने, परिवार की उम्मीदें और देश के लिए कुछ कर गुजरने का जुनून। लेकिन अफसोस, हर प्रतिभा को उसकी मंजिल तक पहुंचने का समान अवसर नहीं मिलता। किसी के पास प्रतिभा है, पर प्रशिक्षण का खर्च नहीं। किसी के पास जुनून है, पर प्रतियोगिता तक पहुंचने के साधन नहीं।

किसी के पास पदक जीतने की क्षमता है, लेकिन उचित चिकित्सा और स्वास्थ्य देखभाल का सहारा नहीं। और कई बार सही समय पर मिला एक मार्गदर्शन भी किसी खिलाड़ी का पूरा जीवन बदल सकता है। क्या हम ऐसी प्रतिभाओं के लिए कुछ कर सकते हैं?

हमारा उत्तर है- हां। इसी विश्वास के साथ खेलपथ का समाज के सम्मानित चिकित्सकों से विनम्र आग्रह है कि आप किसी एक होनहार खिलाड़ी का हाथ थामिए। उसके स्वास्थ्य की चिंता कीजिए। उसे आवश्यक चिकित्सा मार्गदर्शन दीजिए। उसकी आर्थिक जरूरत में यथासम्भव सहयोग कीजिए। उसकी शिक्षा और करियर की राह में मार्गदर्शक बनिए। क्योंकि चिकित्सक केवल शरीर का उपचार नहीं करता, वह विश्वास जगाता है, हौसला देता है और जीवन को बेहतर दिशा देने की क्षमता रखता है।

हम चाहते हैं कि हमारे खिलाड़ी केवल स्वस्थ शरीर के साथ मैदान में न उतरें, बल्कि स्वस्थ सोच, मजबूत आत्मविश्वास और सुरक्षित भविष्य के साथ आगे बढ़ें। कल्पना कीजिए, यदि एक चिकित्सक एक प्रतिभा का संरक्षक बन जाए और एक शहर के सौ चिकित्सक सौ प्रतिभाओं के साथ खड़े हो जाएं, तो कितने सपने टूटने से बचेंगे।

किसी खिलाड़ी को दी गई सहायता केवल आज की जरूरत पूरी नहीं करेगी। सम्भव है वही खिलाड़ी कल राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करे। सम्भव है उसकी सफलता उसके पूरे परिवार की दिशा बदल दे। और सम्भव है उसकी कहानी किसी दूसरे बच्चे को खेल अपनाने की प्रेरणा दे। इसलिए आपका सहयोग किसी एक खिलाड़ी तक सीमित नहीं रहेगा- वह आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचेगा।

यह किसी पर अहसान करने का अभियान नहीं है। यह प्रतिभा को अवसर देने का सामाजिक दायित्व है। खेलपथ इस पहल में प्रतिभाओं की पहचान, उनकी उपलब्धियों और उनकी वास्तविक आवश्यकताओं को समाज के सामने लाने का माध्यम बनना चाहता है। हमारा प्रयास रहेगा कि सहयोग की प्रक्रिया पारदर्शी, जिम्मेदार और प्रतिभा-केन्द्रित हो। आइए, हम मिलकर यह संकल्प लें कि आर्थिक अभाव किसी प्रतिभा की राह नहीं रोकेगा। उचित स्वास्थ्य सुविधा के अभाव में कोई खिलाड़ी पीछे नहीं हटेगा। और सही मार्गदर्शन के अभाव में किसी प्रतिभा का भविष्य अंधकार में नहीं जाएगा।

आप एक खिलाड़ी का हाथ थामिए, हम उसकी प्रतिभा को दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। किसी दिन वही खिलाड़ी तिरंगे के साथ खड़ा होकर देश का गौरव बढ़ाएगा। उस क्षण उसकी सफलता में आपकी छोटी-सी पहल भी शामिल होगी। आइए चिकित्सक महोदय/महोदया, किसी एक प्रतिभा के संरक्षक बनिए। किसी एक सपने को उड़ान दीजिए। किसी एक खिलाड़ी के भविष्य के साथ खड़े हो जाइए।

एक चिकित्सकएक प्रतिभा एक सहयोग  एक संरक्षणएक उज्ज्वल भविष्य

-प्रधान सम्पादक खेलपथ

खेल, खिलाड़ी और स्वस्थ राष्ट्र के लिए समर्पित- मोबाइल नम्बर-9009134610

रिलेटेड पोस्ट्स