एशियन गेम्स में भारतीय पहलवानों का इम्तिहान
इन खेलों में 64 साल बाद इतिहास बदलने का मौका
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। एशियाई खेलों जैसे मल्टी स्पोर्ट्स इवेंट में भारत की ताकत रही कुश्ती से इस बार भी बड़ी उम्मीदें जुड़ी हैं। भारतीय पहलवानों का हालिया प्रदर्शन दर्शाता है कि इस बार आइची-नागोया में कुश्ती के कई रिकॉर्ड टूट सकते हैं। हालांकि, कुछ विवादों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर असर जरूर डाला है।
भारतीय पहलवानों के लिए अब तक एशियाड का सबसे सफल संस्करण 1962 जकार्ता रहा है, जहां टीम ने तीन स्वर्ण समेत 12 पदक जीते थे। भारतीय टीम की नजरें 62 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ इतिहास रचने पर होंगी। देखा जाए तो 1962 जकार्ता एशियाई खेलों में भारतीय पहलवानों को 12 पदक रिकॉर्ड मिले थे, जिनमें तीन स्वर्ण पदक शामिल थे। अब तक भारतीय पहलवान एशियाई खेलों में 65 पदक जीत चुके हैं, जिनमें 11 स्वर्ण, 15 रजत और 39 कांस्य पदक शामिल हैं।
इस बार अमन सेहरावत (57 किलोग्राम) से पदक की उम्मीद है। ओलम्पिक पदक विजेता अमन ने पिछले एशियाड में कांस्य पदक जीता था। वह 2026 बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज के चैम्पियन रहे। इसी तरह अंतिम पंघाल (53 किलोग्रा) भी पदक की बड़ी उम्मीद हैं। दो बार की विश्व चैम्पियन अंतिम की नजरें पिछली बार मिले कांस्य को बेहतर करने पर होंगी।
इसी तरह सुजीत कलकल (65 किलोग्राम) जोकि विश्व नम्बर एक हैं, से भी गोल्ड मेडल की भारत उम्मीद लगा रहा है। सुजीत पिछले 20 मैचों से अजेय हैं। वह फॉर्म बरकरार रखते हुए पदार्पण पर पदक पाना चाहेंगे। दीपक पूनिया (98 किलोग्राम) जोकि पिछले एशियाड में 86 किलोग्राम में रजत जीते थे अब नए वर्ग में उतरेंगे। अनुभव उन्हें पदक का दावेदार बनाता है। सुनील कुमार (ग्रीको रोमन, 87 किलोग्राम): 2022 एशियाड में कांस्यं विजेता सुनील कुमार ने इस साल एशियाई कुश्ती में भी कांस्य जीता था।
इस बार राष्ट्रमंडल खेलों में कुश्ती न होने से खिलाड़ियों की तैयारियों पर असर पड़ा वहीं, डोपिंग के चलते एशियाड में 18 खिलाड़ियों का भारतीय दल अब 15 का रह गया है। भारत ने पिछले छह एशियाई खेलों में कुश्ती में लगातार पदक जीते हैं। 2006 दोहा: 1 रजत, 5 कांस्य, 2010 ग्वांगझू: 3 कांस्य, 2014 इंचियोन: 1 स्वर्ण, 1 रजत, 3 कांस्य, 2018 जकार्ता: 2 स्वर्ण, 1 कांस्य, 2022 हांगझोऊ: 1 रजत और 5 कांस्य पदक।
ये हैं भारतीय सूरमा जो ठोकेंगे ताल
पुरुष फ्रीस्टाइल पहलवानः अमन सहरावत (57 किलोग्राम), सुजीत कलकल (65 किलोग्राम), सागर जगलान (74 किलोग्राम), दीपक पूनिया (97 किलोग्राम), रजत रुहल (125 किलोग्राम)। महिला फ्रीस्टाइल पहलवान- दिपांशी (50 किलोग्राम), अंतिम पंघाल (53 किलोग्राम), मनीषा भनवाला (57 किलोग्राम), मानसी अहलावत (62 किलोग्राम), निशा दहिया (68 किलोग्राम), प्रिया मलिक (72 किलोग्राम)। ग्रीको-रोमन पहलवान- सुमित दलाल (60 किलोग्राम), अमन बरोनिया (77 किलोग्राम), सुनील कुमार (87 किलोग्राम), नितेश सिवाच (97 किलोग्राम)।
एक ही स्कूल से पढ़ी तीन पहलवान एशियाई खेलों में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
रोहतक। जापान के आईची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों में भारत से सैकड़ों खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। कुश्ती की महिला टीम में हरियाणा की अधिकांश पहलवान शामिल हैं। इनमें तीन लड़कियां ऐसी हैं जिन्होंने एक ही स्कूल से पढ़ाई की और कुश्ती सीखी। यह स्कूल जींद के निडानी गांव का चौधरी भरत सिंह मेमोरियल स्कूल है।
मनीषा भनवाला 57 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगी। प्रिया मलिक 76 किलो जबकि निशा दहिया 68 किलो भार वर्ग में अपना दम दिखाएंगी। कोच जगदीश ने बताया कि 2024 के पेरिस ओलम्पिक में भी दो पहलवान इसी स्कूल से थीं। इसी कारण यह खेल स्कूल कुश्ती के नाम से भी जाना जाता है।
28 वर्षीय मनीषा भनवाला जींद के सिवाहा गांव की हैं। वह रोहतक के सर छोटू राम स्टेडियम में अभ्यास करती हैं। मनीषा स्टेडियम में जूनियर कोच के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने साल 2015 में निडानी से कुश्ती शुरू की और उसी साल श्रीनगर में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता। मनीषा ने 2022 से 2025 तक लगातार चार साल सीनियर एशियाई चैम्पियनशिप में भारत के लिए पदक जीते हैं। पिछले चार सालों में वह केवल एक ही बाउट हारी हैं।
21 वर्षीय प्रिया मलिक मूल रूप से जींद के निडानी गांव की ही रहने वाली हैं। वह थल सेना में सूबेदार के पद पर तैनात हैं। प्रिया ने कई साल इस स्कूल में पढ़ाई की और साल 2023 में बारहवीं कक्षा पूरी की। वह आज भी इसी स्कूल में अभ्यास करती हैं। प्रिया ने 2025 में वियतनाम में हुई अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। उसी साल उन्होंने सीनियर कुश्ती रैंकिंग सीरीज में रजत पदक भी हासिल किया।
27 वर्षीय निशा दहिया पानीपत के अदियाना गांव की निवासी हैं। उन्होंने साल 2011 में निडानी के इस स्कूल में आठवीं कक्षा में दाखिला लिया और बारहवीं कक्षा तक लगातार चार साल कुश्ती का अभ्यास किया। उन्होंने कुश्ती की शुरुआत यहीं से की थी। निशा ने 2024 के पेरिस ओलम्पिक में 68 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। क्वार्टर फाइनल बाउट के दौरान कंधा उतर जाने के कारण उन्हें पदक के बिना लौटना पड़ा था। निशा रेलवे में सीनियर टीटीई के पद पर कार्यरत हैं।
