खेल परिवार बने, तभी बनेगी खेल संस्कृति
भारत में खेल हो रहे हैं, प्रतियोगिताएँ हो रही हैं, पदक भी मिल रहे हैं और खेल बजट भी लगातार चर्चा में रहता है। लेकिन एक बुनियादी सवाल आज भी हमारे सामने खड़ा है- क्या हमारे देश में खेल संस्कृति विकसित हो रही है? खेल संस्कृति केवल मैदान, प्रतियोगिता, पदक और समारोहों से नहीं बनती। खेल संस्कृति तब बनती है जब खेल से जुड़े हर व्यक्ति को यह महसूस हो कि वह व्यवस्था का सम्मानित और आवश्यक हिस्सा है।
आज खेल जगत के चार महत्वपूर्ण आधार (खिलाड़ी, खेल प्रशिक्षक, शारीरिक शिक्षक और योग प्रशिक्षक) एक ही उद्देश्य के लिए काम करते हैं। इन चारों का लक्ष्य स्वस्थ शरीर, बेहतर प्रदर्शन और स्वस्थ समाज का निर्माण है। फिर भी इन चारों के बीच वह सद्भाव दिखाई नहीं देता जिसकी खेल विकास के लिए सबसे अधिक आवश्यकता है। यही हमारी सबसे बड़ी चिंता है। चारों हाथ एक दिशा में क्यों नहीं?
खिलाड़ी मैदान में देश का प्रतिनिधित्व करता है। प्रशिक्षक उसकी प्रतिभा को निखारता है। शारीरिक शिक्षक बचपन से शरीर और खेल के प्रति संस्कार पैदा करता है। योग प्रशिक्षक शरीर के साथ मन और जीवनशैली को संतुलित करने का प्रयास करता है। चारों की भूमिकाएँ अलग हैं, लेकिन मंजिल एक है। फिर क्यों व्यवस्था में इनकी भूमिकाएँ एक-दूसरे की पूरक बनने के बजाय अलग-अलग खानों में बंटी दिखाई देती हैं?
इसका एक कारण खेल व्यवस्था का लम्बे समय से असंगठित और खंडित ढंग से संचालित होना मान सकते हैं। कहीं सरकार की प्राथमिकता अलग है, कहीं खेल संघों की व्यवस्था अलग, कहीं संस्थागत राजनीति हावी है और कहीं व्यक्तिगत हित सामूहिक उद्देश्य पर भारी पड़ते हैं। सरकार और खेल संघों की भूमिका निश्चित रूप से महत्वपूर्ण है। लेकिन जब निर्णय लेने की प्रक्रिया में मैदान से जुड़े चारों प्रमुख पक्षों की आवाज कमजोर पड़ जाए, तो नीतियाँ कागज पर अच्छी दिख सकती हैं, जमीन पर उनका असर उतना प्रभावी नहीं होता।
खेल प्रतियोगिता का वास्तविक अर्थ केवल जीत और हार नहीं है। प्रतियोगिता खिलाड़ियों को एक-दूसरे से सीखने, प्रशिक्षकों को अनुभव साझा करने और खेल संस्थाओं को बेहतर व्यवस्था बनाने का अवसर देती है। लेकिन यदि आयोजन के दौरान ही अलग-अलग खेमे, अधिकार और वर्चस्व दिखाई देने लगें, तो खेल का मूल संदेश पीछे छूट जाता है। खेल जोड़ने का माध्यम है, बाँटने का नहीं।
जिस प्रतियोगिता से बच्चों और युवाओं को अनुशासन, सहयोग, सम्मान और भाईचारे का संदेश मिलना चाहिए, यदि वही आयोजन असंतोष और दूरी की कहानी कहने लगे तो हमें रुककर अपनी व्यवस्था पर विचार करना होगा। खेलपथ की ओर से यह समय केवल शिकायत करने का नहीं, बल्कि एक नई पहल की कल्पना करने का है। क्यों न देश में 'खेल परिवार' की ऐसी सोच विकसित की जाए जिसमें खिलाड़ी, प्रशिक्षक, शारीरिक शिक्षक और योग प्रशिक्षक एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी नहीं, बल्कि सहयोगी माने जाएँ?
इस खेल परिवार में- खिलाड़ी की प्रतिभा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता हो। प्रशिक्षक को उसके ज्ञान, अनुभव और योगदान का उचित सम्मान मिले। शारीरिक शिक्षक को केवल औपचारिक पद न मानकर खेल संस्कृति की पहली सीढ़ी माना जाए। योग प्रशिक्षक को स्वस्थ जीवन और मानसिक संतुलन के निर्माण में साझेदार बनाया जाए। खेल संघों और सरकारी संस्थाओं में मैदान से जुड़े लोगों की सार्थक भागीदारी सुनिश्चित हो। प्रतियोगिताएँ केवल पदक वितरण का माध्यम न होकर खेल सद्भाव और खेल संस्कार के उत्सव बनें।
आज हम विकसित भारत और स्वस्थ भारत की बात करते हैं। स्वस्थ राष्ट्र केवल अस्पताल बढ़ाने से नहीं बनता। स्वस्थ राष्ट्र के लिए बचपन से शारीरिक सक्रियता, खेल, योग और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाना होगा। इसके लिए जरूरी है कि खेल व्यवस्था में काम करने वाला व्यक्ति स्वयं सम्मान और सुरक्षा महसूस करे। जो खिलाड़ी खुश नहीं, जो प्रशिक्षक संतुष्ट नहीं, जो शारीरिक शिक्षक उपेक्षित है और जो योग प्रशिक्षक अपने भविष्य को लेकर आश्वस्त नहीं-उनसे हम खेल संस्कृति की मजबूत इमारत कैसे बना सकते हैं?
इसलिए अब समय है कि खेल व्यवस्था में अधिकार से अधिक सहयोग, वर्चस्व से अधिक सद्भाव और व्यक्तिगत हित से अधिक खेलहित को महत्व दिया जाए। खेल किसी एक मंत्रालय, किसी एक संघ, किसी एक अधिकारी या किसी एक खिलाड़ी की सम्पत्ति नहीं हैं। खेल पूरे समाज की साझी विरासत है। खेलपथ का संकल्प भी यही है- दोष गिनाना नहीं, रास्ता दिखाना; किसी को छोटा करना नहीं, सभी को साथ लेकर चलना। आइए, खिलाड़ी, प्रशिक्षक, शारीरिक शिक्षक और योग प्रशिक्षक को एक सूत्र में बाँधकर ऐसा खेल परिवार बनाएं जिसकी पहचान पद, शक्ति या संगठन से नहीं, बल्कि सद्भाव, सम्मान और खेलोत्थान से हो। क्योंकि जिस दिन खेल परिवार एकजुट होकर मैदान में उतरेगा, उसी दिन खेल संस्कृति की असली शुरुआत होगी।
