देवास के लाल जय मीणा ने एशियाड में रचा इतिहास

एशियन गेम्स में देश को दिलाया सॉफ्ट टेनिस का पहला पदक

जय का यह कांस्य पदक मंजिल नहीं, नई उड़ान की शुरुआत है

खेलपथ संवाद

देवास। मध्य प्रदेश के देवास की धरती के प्रतिभाशाली खिलाड़ी जय मीणा ने जापान के नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष एकल सॉफ्ट टेनिस में कांस्य पदक जीतकर भारतीय खेल इतिहास में अपना नाम दर्ज करा दिया। जय की इस उपलब्धि ने न केवल देवास, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश और देश को गौरवान्वित किया है।

एशियन गेम्स के इतिहास में सॉफ्ट टेनिस में भारत का यह पहला पदक है। ऐसे में जय मीणा का कांस्य पदक भारतीय सॉफ्ट टेनिस के लिए एक नई शुरुआत और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का संदेश है। जय मीणा की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे उनके कठिन परिश्रम, निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ-साथ उनके प्रशिक्षक विश्वामित्र पुरस्कार से सम्मानित कोच सुदेश सांगते के मार्गदर्शन की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। खिलाड़ी और कोच की इस जोड़ी ने साबित किया है कि सही प्रतिभा को उचित मार्गदर्शन और अवसर मिले तो छोटे शहरों की खेल प्रतिभाएं भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ा सकती हैं।

जय मीणा का यह पदक केवल एक प्रतियोगिता की उपलब्धि नहीं है। यह देवास की खेल प्रतिभा, मध्य प्रदेश की खेल क्षमता और भारतीय युवाओं की सम्भावनाओं का प्रतीक है। जरूरत है कि ऐसी प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहन, बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं मिलती रहें, ताकि वे आगे भी देश के लिए गौरव हासिल कर सकें।

खेलपथ की ओर से विशेष बधाई

खेलपथ जय मीणा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें हृदय से बधाई देता है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है। साथ ही कोच सुदेश सांगते जी को भी साधुवाद, जिन्होंने जय की प्रतिभा को निखारकर उसे अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जय, यह कांस्य पदक मंजिल नहीं, नई उड़ान की शुरुआत है। आपकी सफलता देवास के उन तमाम बच्चों को प्रेरित करे जो खेलों में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। खेलपथ का विश्वास है- प्रतिभा को अवसर मिले, खिलाड़ी को सम्मान मिले और खेल को प्रोत्साहन मिले, तो भारत का खेल भविष्य और अधिक उज्ज्वल होगा। जय मीणा को सलाम, सुदेश सांगते को नमन। देवास से निकली यह चमक देश के खेल आकाश को और रोशन करे।

रिलेटेड पोस्ट्स