हिन्दी खेल पत्रकारिता की बेबाक-निडर शख्सियत राजेन्द्र सजवान
खेलों के समुन्नत विकास की निष्पक्ष आवाज को खेलपथ का सलाम
श्रीप्रकाश शुक्ला
नई दिल्ली। खेल पत्रकारिता केवल मैदान में घटने वाली घटनाओं को शब्द देने का नाम नहीं है। यह खिलाड़ी के संघर्ष को समझने, उसकी उपलब्धि को समाज तक पहुंचाने और जब व्यवस्था रास्ते में बाधा बने तो उससे सवाल करने का भी दायित्व है। दिल्ली के वरिष्ठ खेल पत्रकार राजेन्द्र सजवान इसी दायित्व को अपनी बेबाक कलम से निभाने वाले पत्रकार हैं।
मैंने खेल पत्रकारिता के अपने लम्बे सफर में अनेक पत्रकारों को देखा है। किसी की पहचान उसकी भाषा से बनी, किसी की खबरों की गति से, किसी की खेल ज्ञान से और किसी की अपने संस्थान में भूमिका से। लेकिन कुछ पत्रकार ऐसे होते हैं जिनकी पहचान उनकी निर्भीक राय बन जाती है। राजेन्द्र सजवान जी इसी श्रेणी के पत्रकार हैं।
उनकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वह खेल व्यवस्था को केवल बाहर से देखने वाले पत्रकार नहीं लगते, बल्कि उसके भीतर की हलचलों को समझने और उनके प्रभाव को पहचानने की कोशिश करते हैं। जब उन्हें लगता है कि खिलाड़ी के हितों की अनदेखी हो रही है, खेल प्रशासन में सुधार की जरूरत है या व्यवस्था अपने मूल उद्देश्य से भटक रही है, तो उनकी कलम सवाल उठाती है। यह सवाल किसी व्यक्ति विशेष से ज्यादा व्यवस्था से संवाद होते हैं। और शायद यही कारण है कि उनकी बात कई बार तीखी लगती है, लेकिन खेल पत्रकारिता में ऐसी आवाजों का अपना महत्व है। पत्रकार का काम केवल तालियां बजाना नहीं है। जहां उपलब्धि हो वहां उसका उत्सव मनाना और जहां कमी दिखाई दे वहां सवाल करना-दोनों पत्रकारिता के जरूरी पक्ष हैं।
राजेन्द्र सजवान जी की पत्रकारिता को समझने के लिए खिलाड़ी को केंद्र में रखना जरूरी है। खेल का असली नायक खिलाड़ी है। वह वर्षों तक अभ्यास करता है, असफलताओं से गुजरता है, चोटों से लड़ता है और अपने परिवार की उम्मीदों को लेकर मैदान में उतरता है। ऐसे में खेल व्यवस्था की हर नीति, हर निर्णय और हर सुविधा का अंतिम असर खिलाड़ी पर ही पड़ता है। इसीलिए सजवान जी जब व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं तो उसके पीछे खिलाड़ी और खेल के हित का सवाल दिखाई देता है।
आज जब खेल भारत में तेजी से बदल रहा है, नई सुविधाएं आ रही हैं, बड़ी प्रतियोगिताओं का विस्तार हो रहा है और खिलाड़ियों की उम्मीदें भी बढ़ी हैं, तब खेल पत्रकारिता की जिम्मेदारी भी बढ़ी है। इस दौर में ऐसी पत्रकारिता जरूरी है जो उपलब्धियों के साथ-साथ उन सवालों को भी सामने रखे जिनके जवाब खेल का भविष्य तय करेंगे।
किसी पत्रकार की हर बात से सहमत होना आवश्यक नहीं है। लेकिन पत्रकार की स्वतंत्र राय का सम्मान होना चाहिए। राजेन्द्र सजवान जी की विशेषता यही है कि वह अपनी बात कहने से पीछे नहीं हटते। खेल व्यवस्था में सुधार तभी सम्भव है जब सवाल पूछे जाएंगे। प्रश्न कभी-कभी असहज कर सकते हैं, लेकिन वही प्रश्न भविष्य की बेहतर व्यवस्था की नींव भी बन सकते हैं। मेरे लिए सजवान जी की यही बेबाकी सम्मान का विषय है।
चार दशक की खेल पत्रकारिता ने मुझे यह सिखाया है कि पत्रकार की असली पूंजी उसका पद नहीं, उसकी विश्वसनीयता और स्वतंत्र कलम है। पत्रकार बदलते समय के साथ संस्थान बदल सकता है, माध्यम बदल सकता है, लेकिन यदि उसके सरोकार खिलाड़ी और खेल के प्रति बने रहें तो उसकी पहचान कायम रहती है। राजेन्द्र सजवान जी जैसे पत्रकारों का सम्मान दरअसल खेल पत्रकारिता की उस परम्परा का सम्मान है जिसमें पत्रकार मैदान और व्यवस्था के बीच एक सजग सेतु की भूमिका निभाता है।
खेलपथ का उद्देश्य भी हमेशा यही रहा है कि खेल और खिलाड़ी को प्रोत्साहन मिले, प्रतिभाओं को मंच मिले और जहां सुधार की जरूरत हो वहां सकारात्मक सवाल उठें। मेरा मानना है कि खेल को मजबूत करने के लिए प्रशंसा के साथ स्वस्थ आलोचना भी जरूरी है। राजेन्द्र सजवान जी की कलम इसी स्वस्थ आलोचनात्मक परम्परा को जीवंतता प्रदान कर रही है।
उनकी बेबाकी से असहमति हो सकती है, उनके सवालों पर बहस हो सकती है, लेकिन खेल के प्रति उनके सरोकार और अपनी बात कहने के साहस का सम्मान होना चाहिए। क्योंकि खेल पत्रकारिता तब ही सार्थक होती है, जब उसकी कलम खिलाड़ी के साथ खड़ी हो, खेल के भविष्य की चिंता करे और जरूरत पड़ने पर व्यवस्था से यह पूछने का साहस रखे- क्या हम अपने खिलाड़ियों को वह दे पा रहे हैं, जिसके वे हकदार हैं? राजेन्द्र सजवान जी की कलम इसी सवाल को जीवित रखती है। खेलपथ की ओर से ऐसी निर्भीक खेल पत्रकारिता को सलाम।
