जापान में भारतीय बेटियों ने फिर बताया- मंजिल दूर नहीं

एशियाई खेलों में बेटियों की चमक से देश गौरवान्वित

खेलपथ शब्द-सहयात्री

नई दिल्ली। जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियाई खेलों में भारत की बेटियों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि अवसर मिले, भरोसा मिले और बेटियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिले तो वे देश का गौरव बढ़ाने में पीछे नहीं रहतीं। एशियाड अभी जारी है, लेकिन शुरुआती दिनों में ही भारतीय बेटियों ने पदकों और शानदार प्रदर्शनों से अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा दी है।

भारत के लिए इन खेलों का पहला पदक ही बेटियों ने दिलाया। एलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदार्सा विनोद की तिकड़ी ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। इसके बाद एलावेनिल ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी रजत जीतकर अपना और देश का गौरव बढ़ाया। इस तरह उन्होंने एक ही दिन दो रजत पदक भारत की झोली में डाले।

इसके बाद मीराबाई चानू ने महिलाओं के 49 किलोग्राम भारोत्तोलन में रजत पदक जीतकर अपने एशियाई खेल अभियान को एक यादगार उपलब्धि दी। यह उनका एशियाई खेलों का पहला पदक भी है और भारत के भारोत्तोलन में 28 वर्ष बाद पदक का इंतजार समाप्त हुआ।

वुशू में रोशिबिना देवी ने भी अद्भुत निरंतरता दिखाई। महिलाओं की 60 किलोग्राम सांडा स्पर्धा में रजत जीतकर उन्होंने लगातार दूसरे एशियाई खेलों में रजत पदक हासिल किया। नागोया में उनकी उपलब्धि यह बताती है कि एक खिलाड़ी की असली पहचान केवल पदक से नहीं, बल्कि लम्बे समय तक शीर्ष स्तर पर बने रहने की क्षमता से भी होती है।

शूटिंग में भारतीय बेटियों का योगदान यहीं नहीं रुका। रायजा ढिल्लों, परीणाज धालीवाल और माहेश्वरी चौहान ने महिलाओं की स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। व्यक्तिगत स्पर्धा में रायजा चौथे स्थान पर रहीं और पदक से मामूली अंतर से चूक गईं। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराकर स्वर्ण पदक जीता। यह एशियाई खेलों 2026 में भारत का पहला स्वर्ण पदक बना। टीम ने लगातार दूसरी बार महिला क्रिकेट का एशियाई खेल स्वर्ण अपने नाम किया। फाइनल में स्मृति मंधाना की शानदार पारी और गेंदबाजों के प्रभावी प्रदर्शन ने भारत को बड़ी जीत दिलाई। इस अभियान में शैफाली वर्मा ने तीन पारियों में 188 रन बनाकर टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज का सम्मान हासिल किया, जबकि श्री चरणी ने तीन मैचों में आठ विकेट लेकर गेंदबाजी में अपना प्रभाव छोड़ा।

इन उपलब्धियों को केवल पदकों की सूची के रूप में देखना उचित नहीं होगा। इनके पीछे वर्षों का अभ्यास, परिवारों का सहयोग, प्रशिक्षकों का परिश्रम और खिलाड़ियों का अपना संघर्ष है। यही कारण है कि नागोया में बेटियां भारत के उस बदलते खेल परिदृश्य की तस्वीर भी प्रस्तुत कर रही हैं, जिसमें बेटियां अब केवल भागीदारी नहीं करतीं, बल्कि निर्णायक भूमिका निभाती हैं। लेकिन यह भी याद रखना होगा कि एशियाई खेलों में पदक जीतने वाली इन बेटियों के पीछे हजारों-लाखों ऐसी बच्चियां हैं, जिन्हें अभी खेल का मैदान, प्रशिक्षक और पर्याप्त सुविधाएं मिलने का इंतजार है।

इसलिए सवाल केवल यह नहीं कि हमारी बेटियों ने एशियाड में कितने पदक जीते। बड़ा सवाल यह है कि देश की कितनी बेटियों को खेल शुरू करने का अवसर मिला? अगर हर स्कूल में शारीरिक शिक्षा का मजबूत आधार हो, बेटियों को सुरक्षित और अच्छे खेल मैदान मिलें, प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षक उपलब्ध हों और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर से ही उचित प्रशिक्षण मिले, तो भारत के पास पदकों की नई पीढ़ी तैयार करने की अपार सम्भावना है।

भारतीय बेटियां हमें यही संदेश दे रही हैं- बेटियों को अवसर दीजिए, वे देश को गौरव देने का रास्ता स्वयं बना लेंगी। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है। खेल आत्मविश्वास देता है, अनुशासन सिखाता है, स्वास्थ्य देता है और समाज को स्वस्थ दिशा देता है। इसलिए स्वस्थ राष्ट्र के संकल्प में बेटियों की खेल भागीदारी को केंद्र में रखना होगा। नागोया में दमखम दिखा रही बेटियों को सलाम और देश की उन तमाम बेटियों को प्रणाम, जो मैदान में उतरने का सपना देख रही हैं। आज की बेटी खिलाड़ी बनेगी, तभी कल का भारत स्वस्थ, सशक्त और आत्मविश्वासी बनेगा।

रिलेटेड पोस्ट्स