मुरैना की हॉकी बेटी कृष्णा ने एशिया कप में फहराया परचम

मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी ने बनाया अचूक गोलंदाज

ग्वालियर की डे-बोर्डिंग से अंतरराष्ट्रीय हॉकी तक का शानदार सफर

श्रीप्रकाश शुक्ला

मुरैना। चम्बल की माटी प्रतिभाओं से भरी है। जरूरत है तो बस उन्हें पहचानने वाली पारखी नजर, तराशने वाले गुरु और सपनों को उड़ान देने वाले मंच की। मुरैना के अम्बाह क्षेत्र के गांव बरवाई की बेटी कृष्णा शर्मा आज इसी विश्वास की जीवंत मिसाल बनकर सामने आई है। कभी ग्वालियर के जिला खेल परिसर कम्पू में संचालित राज्य महिला हॉकी अकादमी की डे-बोर्डिंग में हॉकी की बारीकियां सीखने वाली यह बेटी आज अंतरराष्ट्रीय हॉकी के मैदान पर तिरंगे का मान बढ़ा रही है।

महिला जूनियर हॉकी एशिया कप में भारतीय टीम की ओर से खेलते हुए कृष्णा ने पांच गोल दागकर अपनी प्रतिभा और गोल करने की क्षमता का शानदार परिचय दिया। भारत की खिताबी सफलता में उनकी भूमिका ने चम्बल की इस बेटी को देशभर में पहचान दिलाई। कृष्णा की यह सफलता अचानक नहीं आई। इसके पीछे वर्षों की मेहनत, परिवार का विश्वास, प्रशिक्षकों का समर्पण और सबसे महत्वपूर्ण-प्रतिभा को समय रहते पहचान लेने वाली एक पारखी नजर है।

गुरु परमजीत सिंह बरार ने पहचाना था छिपा हुआ हुनर

कृष्णा जब ग्वालियर की डे-बोर्डिंग में अपनी हॉकी प्रतिभा को निखार रही थीं, तभी एकेडमी के तत्कालीन मुख्य प्रशिक्षक परमजीत सिंह बरार की नजर इस बेटी पर पड़ी। बरार ने उसके खेल कौशल को देखकर उसी समय समझ लिया था कि इस लड़की में आगे बढ़ने की असाधारण क्षमता है। जौहरी की वह परख आज सच साबित हो चुकी है।

किसी खिलाड़ी के जीवन में ऐसे गुरु का होना बहुत मायने रखता है, जो केवल खिलाड़ी का वर्तमान प्रदर्शन न देखे, बल्कि उसके भीतर छिपी सम्भावनाओं को भी पहचान सके। कृष्णा के मामले में यही हुआ। उनकी प्रतिभा को पहचान मिली, अवसर मिला और फिर उन्होंने अपनी मेहनत से उस अवसर को उपलब्धि में बदल दिया। आज जब वही बेटी अंतरराष्ट्रीय हॉकी में भारत के लिए गोल कर रही है, तब उस पहली पहचान को याद करना भी जरूरी है। क्योंकि किसी खिलाड़ी की यात्रा में पहला अवसर अक्सर उसकी पूरी जिन्दगी की दिशा तय कर देता है।

मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी बनी सपनों की पाठशाला

कृष्णा शर्मा को अपने खेल को निखारने और बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी, ग्वालियर में मिला। यह अकादमी महिला हॉकी की प्रतिभाओं को तैयार करने वाले महत्वपूर्ण केन्द्र के रूप में अपनी पहचान बना चुकी है। इस अकादमी से सौ से अधिक महिला हॉकी खिलाड़ी देश को मिल चुकी हैं। यह संख्या महज आंकड़ा नहीं है। इसके पीछे उन बेटियों की मेहनत, प्रशिक्षकों का समर्पण और उस खेल व्यवस्था का योगदान है जिसने गांव-कस्बों से आने वाली प्रतिभाओं को बड़े मैदानों तक पहुंचने का अवसर दिया। कृष्णा भी इसी गौरवशाली परम्परा की नई कड़ी हैं। परमजीत सिंह बरार ने प्रतिभा पहचानी, मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी ने उसे तराशा, कृष्णा ने अपनी मेहनत से उसे उपलब्धि में बदला और आज तिरंगा पूरे देश के सामने गर्व से लहरा रहा है।

एशिया कप में कृष्णा की चमक

चीन के मोकी में खेले गए फाइनल में भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने मेजबान चीन को 1-0 से हराकर लगातार तीसरी बार महाद्वीपीय खिताब अपने नाम किया। टीम की कप्तानी मिडफील्डर खाइदेम शिलेइमा चानू ने की, जो मध्य प्रदेश राज्य महिला हॉकी अकादमी की ही सदस्य हैं। एक ही अकादमी से निकली इन प्रतिभाओं की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि बेटियों को सही वातावरण, प्रशिक्षण और अवसर मिले तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने में पीछे नहीं रहतीं। मध्य प्रदेश की पूर्व खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने प्रदेश में हॉकी के विकास और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज प्रदेश की बेटियों की अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां उस खेल वातावरण की सफलता की कहानी भी कहती हैं।

मुरैना पहुंची तो चम्बल ने बेटी को सिर-आंखों पर बिठाया

एशिया कप की सफलता के बाद जब कृष्णा अपने गृह जनपद मुरैना पहुंचीं तो उनका भव्य स्वागत हुआ। सम्मान में निकली विशाल रैली में लोगों ने इस बेटी को सिर-आंखों पर बिठाया। यह केवल कृष्णा का सम्मान नहीं था। यह उस सोच का सम्मान था जो बेटियों को खेल के मैदान में आगे बढ़ते देखना चाहती है। चम्बल ने अपनी बेटी को सम्मान देकर एक स्पष्ट संदेश दिया है- जो बेटियां देश का मान बढ़ाती हैं, उनका सम्मान करना पूरे समाज की जिम्मेदारी है।

कृष्णा केवल खिलाड़ी नहीं, एक प्रेरणा है

कृष्णा शर्मा की कहानी मुरैना और चम्बल की उन तमाम बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो खेलना चाहती हैं और अपने सपनों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक ले जाना चाहती हैं। यह कहानी बताती है कि गांव की बेटी भी एशिया के खेल मैदान पर भारत का तिरंगा ऊंचा कर सकती है। जरूरत है परिवार के भरोसे की, विद्यालयों में खेल के अवसरों की, प्रतिभा पहचानने वाले प्रशिक्षकों की और ऐसी खेल अकादमियों की, जहां बेटियों को वैज्ञानिक प्रशिक्षण और आगे बढ़ने का मंच मिल सके।

कृष्णा की उपलब्धि को केवल पांच गोलों तक सीमित करना उनकी पूरी यात्रा को छोटा करना होगा। उन पांच गोलों में बरवाई की मिट्टी है, चम्बल का साहस है, परिवार का विश्वास है, परमजीत सिंह बरार की पारखी नजर है, मध्य प्रदेश महिला हॉकी अकादमी का प्रशिक्षण है और कृष्णा की वर्षों की अथक मेहनत है। आज कृष्णा ने एशिया में तिरंगा फहराया है। कल उनकी सफलता से प्रेरित होकर चम्बल की न जाने कितनी बेटियां हॉकी स्टिक उठाएंगी। और शायद यही किसी खिलाड़ी की सबसे बड़ी जीत होती है- वह स्वयं आगे बढ़े और अपने पीछे आने वाली पीढ़ी के लिए रास्ता बना दे। खेलपथ का संदेश- कृष्णा, तुम्हारी हॉकी की हर स्ट्रोक में चम्बल की ताकत है। तुम्हारे हर गोल में भारत का गौरव है। तिरंगा यूं ही ऊंचा रखो बेटी- देश तुम्हें सलाम करता है।

रिलेटेड पोस्ट्स