मुख्यमंत्री जी, आगरा की बेटियों की आवाज सुनिए!
खेल के मैदान में डर नहीं, सम्मान और न्याय चाहिए
माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी,
आज खेलपथ का शब्द-सहयात्री आपको यह पाती बहुत व्यथित मन से लिख रहा है। चार दशक की खेल पत्रकारिता में हमने मैदान के कई रंग देखे हैं। खिलाड़ियों का संघर्ष देखा, प्रशिक्षकों की तपस्या देखी, बेटियों को अभावों के बावजूद पदक जीतते देखा और खेल व्यवस्था की कमियां भी देखी हैं। लेकिन जब खेल के मैदान से ही महिला प्रशिक्षकों की शिकायतें सामने आती हैं और उन्हें अपने सम्मान तथा अधिकारों के लिए अधिकारियों के सामने गुहार लगानी पड़ती है, तो एक खेल पत्रकार का मन सवाल पूछने को मजबूर होता है।
आगरा मंडल में महिला खेल प्रशिक्षकों और एक अधिकारी से जुड़ा विवाद अब केवल स्थानीय चर्चा नहीं है। शिकायतें लिखित रूप में उच्च अधिकारियों तक पहुंची हैं और मामला खेल निदेशालय, लखनऊ की जानकारी में भी है। सार्वजनिक रूप से उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार इस मामले में दोनों पक्षों को अपना पक्ष रखने के लिए भी बुलाया गया है।
मुख्यमंत्री जी, खेलपथ किसी एक पक्ष को दोषी घोषित नहीं कर रहा। हमारी मांग इससे कहीं बड़ी है- सच सामने आना चाहिए। यदि महिला प्रशिक्षकों की शिकायतों में तथ्य हैं तो उन्हें न्याय मिलना चाहिए। यदि शिकायतों में लगाए गए आरोप प्रमाणित नहीं होते तो संबंधित अधिकारी की प्रतिष्ठा भी सुरक्षित रहनी चाहिए। लेकिन फैसला जांच के बाद होना चाहिए, चुप्पी के सहारे नहीं।
मुख्यमंत्री जी, उत्तर प्रदेश की बेटियां जब खेल के मैदान में उतरती हैं तो वे केवल अपने लिए नहीं खेलतीं। उनके साथ उनके माता-पिता के सपने होते हैं, उनके प्रशिक्षकों की मेहनत होती है और प्रदेश के गौरव की उम्मीद होती है। ऐसे में खेल परिसर का वातावरण ऐसा होना चाहिए जहां बेटी अपने प्रशिक्षक से बात करते समय न डरे, शिकायत करने पर दबाव महसूस न करे और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने पर खुद को अकेला न समझे।
हम मुख्यमंत्री जी से पांच विनम्र आग्रह करते हैं- पहला— पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराई जाए। दूसरा— शिकायतकर्ता महिला प्रशिक्षकों को जांच के दौरान किसी भी प्रकार के दबाव या प्रतिशोध से संरक्षण मिले। तीसरा— संबंधित अधिकारी सहित सभी पक्षों को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जाए। चौथा— जांच में आरोप प्रमाणित हों तो नियमानुसार कार्रवाई हो और आरोप प्रमाणित न हों तो संबंधित अधिकारी को भी सम्मानपूर्वक मुक्त किया जाए। पांचवां और सबसे महत्वपूर्ण— इस विवाद का असर खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और खेल भविष्य पर कतई न पड़े।
मुख्यमंत्री जी, खेलपथ किसी अधिकारी के खिलाफ नहीं है। खेलपथ अन्याय के खिलाफ है। खेलपथ किसी प्रशिक्षक को सही या गलत घोषित नहीं कर रहा। खेलपथ केवल यह चाहता है कि सच्चाई सामने आए और जिसके साथ अन्याय हुआ हो, उसे न्याय मिले। हमने हमेशा लिखा है कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ राष्ट्र बनाने का सबसे मजबूत आधार है। फिर खेल के मैदान में काम करने वाली हमारी बेटियां ही यदि अपने सम्मान के लिए संघर्ष करेंगी तो हम स्वस्थ, सुरक्षित और संवेदनशील खेल संस्कृति कैसे बनाएंगे?
मुख्यमंत्री जी, आगरा की बेटियों की आवाज सुनिए। इस मामले को एक और विभागीय फाइल बनने से बचाइए। जांच हो। सच सामने आए। न्याय हो। और खेल का मैदान फिर से खिलाड़ियों के सपनों का मैदान बने। यही खेलपथ की पाती है। यही शब्द सहयात्री की पीड़ा है। खेल और खिलाड़ी बचेंगे, तभी स्वस्थ राष्ट्र बनेगा।
-श्रीप्रकाश शुक्ला
प्रधान सम्पादक, खेलपथ
