शारीरिक शिक्षक संगठनों का मूल काम सत्ता की खुशामद

संगठन की सफलता तालियों की गूंज से नहीं, समस्याओं के समाधान से

खेलपथ संवाद

नई दिल्ली। संगठन तो बने थे शारीरिक शिक्षकों की आवाज बनने के लिए, लेकिन इनके पदाधिकारी सत्ता की गोदी में जा बैठे। कहीं ऐसा तो नहीं कि अब आवाज से ज्यादा महत्वपूर्ण कुर्सी हो गई है? यह सवाल असहज करने वाला है। शायद कुछ लोगों को नागवार भी गुजरे। लेकिन जब कोई संगठन अपने मूल उद्देश्य से भटकता दिखाई दे, तब सवाल पूछना विरोध नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है।

शारीरिक शिक्षक संगठन का उद्देश्य स्पष्ट था- शारीरिक शिक्षकों के अधिकारों, सम्मान, सेवा-सुरक्षा और समस्याओं के लिए सामूहिक संघर्ष करना तथा विद्यालयों में खेल और शारीरिक शिक्षा को मजबूती दिलाना। लेकिन आज जरूरत इस बात की पड़ताल करने की है कि क्या हम उसी उद्देश्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं? कहीं ऐसा तो नहीं कि संगठन की राजनीति में शिक्षक पीछे और पदाधिकारी आगे हो गए हैं? कहीं ऐसा तो नहीं कि मुद्दे पीछे छूट गए और मंच, माला तथा तस्वीरें आगे आ गईं? कहीं ऐसा तो नहीं कि संघर्ष की जगह समारोहों ने ले ली और सवालों की जगह तालियों ने?

संगठन का पद सम्मान अवश्य है, लेकिन उससे कहीं अधिक बड़ी जिम्मेदारी है। पदाधिकारी का काम यह नहीं कि वह हर सवाल को अपने खिलाफ समझे। उसका काम है सवालों को सुने, जवाब दे और जहां गलती हो वहां सुधार करे। क्योंकि संगठन किसी पदाधिकारी की निजी सम्पत्ति नहीं होता। जिस शिक्षक के सहयोग, सदस्यता और विश्वास से पद मिलता है, उसी शिक्षक के प्रति जवाबदेही भी होनी चाहिए। अगर संगठन में प्रश्न पूछने वाला शिक्षक असहज माना जाने लगे और चुप रहने वाला “अनुशासित” कहलाने लगे, तो यह लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है।

आज भाषणों में शारीरिक शिक्षक हित की बातें खूब होती हैं। प्रस्ताव पारित होते हैं। घोषणाएं होती हैं। तस्वीरें खिंचती हैं। सोशल मीडिया पर गतिविधियां दिखाई देती हैं। लेकिन असली परीक्षा वहां होती है जहां किसी शिक्षक की समस्या शासन के दरवाजे तक पहुंचती है। वहां कितनी आवाजें पहुंचती हैं? कितने मुद्दों पर लगातार संघर्ष होता है? कितनी मांगों का ठोस परिणाम सामने आता है? क्योंकि संगठन की सफलता तालियों की गूंज से नहीं, समस्याओं के समाधान से मापी जानी चाहिए।

गुटबाजी: संगठन की सबसे बड़ी दुश्मन

जब संगठन विचारों के बजाय व्यक्तियों के इर्द-गिर्द घूमने लगे तो गुट पैदा होते हैं। फिर शिक्षक यह देखने लगता है कि कौन किसके साथ है, किसका पद बड़ा है, किसका प्रभाव अधिक है। और यहीं से असली उद्देश्य पीछे छूट जाता है। जिस संगठन को शिक्षकों को एकजुट करना था, यदि वही संगठन उन्हें खेमों में बांटने लगे तो इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या होगा?

याद रखना होगा- आपसी प्रतिस्पर्धा खेल में अच्छी लगती है, संगठन में नहीं। शारीरिक शिक्षक बच्चों को टीम भावना सिखाता है यह सबसे बड़ा विरोधाभास है। हम बच्चों से कहते हैं- टीम के लिए खेलो। एक-दूसरे का सम्मान करो। हार से सीखो। अनुशासन रखो। व्यक्तिगत अहंकार को टीम से बड़ा मत होने दो। लेकिन क्या हमारे संगठन भी इन्हीं सिद्धांतों पर चल रहे हैं? अगर नहीं, तो हमें पहले स्वयं अपने पाठ को पढ़ना होगा। जिस शारीरिक शिक्षक की जिम्मेदारी समाज को अनुशासन सिखाना है, उसके संगठन में अनुशासन और लोकतांत्रिक मर्यादा का उदाहरण सबसे पहले दिखाई देना चाहिए।

अब समय है कि संगठन अपनी प्राथमिकताएं फिर से तय करें। मंच पर कौन बैठा- यह कम महत्वपूर्ण है। शिक्षक की समस्या सुनी गई या नहीं- यह महत्वपूर्ण है। किसने माला पहनाई-यह महत्वपूर्ण नहीं। किसने शिक्षक का अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया- यह महत्वपूर्ण है। कितनी तस्वीरें प्रकाशित हुईं- यह महत्वपूर्ण नहीं। कितने शिक्षकों के चेहरे पर समाधान के बाद संतोष आया- यह महत्वपूर्ण है। यही संगठन की असली कसौटी होनी चाहिए।

और अंत में एक कड़वा सवाल- यदि संगठन का उद्देश्य शारीरिक शिक्षक हित है तो फिर उसकी आवाज संगठन में सबसे मजबूत क्यों नहीं सुनाई देती? यदि संगठन लोकतांत्रिक है तो सवालों से असहजता क्यों? यदि संगठन संघर्ष के लिए है तो संघर्ष के परिणाम दिखाई क्यों नहीं देते? और यदि संगठन सबका है तो उसमें “हम” और “वे” की भावना क्यों पैदा होती है?

इन सवालों का जवाब किसी एक व्यक्ति को नहीं, पूरे संगठन को देना होगा। क्योंकि संगठन किसी एक चेहरे से नहीं बनता। संगठन उन हजारों शिक्षकों से बनता है, जो चुपचाप सदस्यता देते हैं, उम्मीद रखते हैं और संकट के समय अपने संगठन की ओर देखते हैं। उनकी उम्मीद को निराश मत कीजिए। पद को प्रतिष्ठा नहीं, जिम्मेदारी समझिए।

आलोचना को दुश्मनी नहीं, आईना समझिए। और संगठन को व्यक्तिगत प्रभाव का मंच नहीं, सामूहिक संघर्ष का हथियार बनाइए। वरना आने वाली पीढ़ी हमसे यही पूछेगी- “जब शिक्षक अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा सकता था, तब संगठन चुप क्यों था?” इस सवाल से पहले जागना होगा। क्योंकि संगठन की सबसे बड़ी हार तब नहीं होती जब वह कोई आंदोलन हार जाए, सबसे बड़ी हार तब होती है, जब उसके अपने सदस्य उस पर विश्वास करना छोड़ दें। अब निर्णय संगठन को करना है कि कुर्सी बड़ी है या उद्देश्य? व्यक्ति बड़ा है या शिक्षक? और सबसे बढ़कर- संगठन पद के लिए है या पद संगठन के लिए?

रिलेटेड पोस्ट्स