एशियाई खेलों की स्वर्णिम हॉकी के हर शिल्पी का देश कायल

खिलाड़ियों ने जीता सोना, गुरुओं और सहयोगियों ने गढ़ी विजय की पटकथा

खेलपथ शब्द सहयात्री

ग्वालियर। एशियाई खेलों में भारतीय हॉकी का स्वर्णिम प्रदर्शन पूरे देश के लिए गर्व और उल्लास का क्षण है। मैदान पर तिरंगे की शान बढ़ाने वाले हमारे खिलाड़ी निश्चित रूप से इस ऐतिहासिक सफलता के सबसे बड़े नायक हैं। हमारे खिलाड़ी तो खिलाड़ी इस स्वर्णिम सफलता की पटकथा लिखने वाले प्रशिक्षकों, वैज्ञानिक सलाहकारों, फिजियोथेरेपिस्टों, विश्लेषकों और तमाम सहयोगी कर्मियों को भी उसी सम्मान और आत्मीयता के साथ याद किया जाना चाहिए।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य प्रशिक्षक क्रेग आर्थर फुल्टन को विशेष बधाई। उनके साथ माइकल कॉस्मा (एनालिटिकल कोच), शिवेन्द्र सिंह (कोच), एलन टैन (वैज्ञानिक सलाहकार), रंगनाथन एम. (मुख्य फिजियोथेरेपिस्ट), मुहम्मद मिन्हाज थैकंडी (सहायक फिजियोथेरेपिस्ट), आर्टुर लुकास (विदेशी मुख्य विश्लेषक), हर्षित एम. लक्ष्मण (वीडियो विश्लेषक) तथा अरूप नास्कर और प्रदीप कुमार (मसाज थेरेपिस्ट)—इन सभी की मेहनत को दिल से सलाम। मैदान पर खिलाड़ी गोल करते हैं, लेकिन उसके पीछे रणनीति बनाने वाली नजर, शरीर को मुकाबले के लिए तैयार रखने वाले हाथ और हर छोटी-बड़ी कमी को पकड़ने वाला विश्लेषण काम करता है। इसलिए इस स्वर्ण में इन सभी का भी बराबर हिस्सा है।

महिला टीम : जज्बे को मिली स्वर्णिम उड़ान

भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य प्रशिक्षक स्जोर्ड मारिज्ने के नेतृत्व में टीम ने शानदार आत्मविश्वास और सामूहिक खेल का परिचय दिया। उनके साथ माटियास विला (एनालिटिकल कोच), रैना यादव (कोच), वेन पैट्रिक लोम्बार्ड (वैज्ञानिक सलाहकार एवं हेड एथलीट परफॉर्मेंस), रोडेट यिला और सियारा यिला (वैज्ञानिक सलाहकार), प्रत्याक्षी मुंशी (मुख्य फिजियोथेरेपिस्ट), नागा ज्योति रविचंद्रन (वीडियो विश्लेषक) तथा पुष्पावती एफ. (मसाज थेरेपिस्ट) को भी हार्दिक बधाई। इन सभी ने खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीक, मानसिक तैयारी और मैदान की परिस्थितियों के अनुरूप रणनीति तैयार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वर्ण पदक के पीछे छिपी यह पूरी मेहनत भी सम्मान की हकदार है।

हॉकी इंडिया : संगठन को भी शाबाशी

भारतीय हॉकी को दिशा और मजबूत संगठनात्मक आधार देने में हॉकी इंडिया की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार तिर्की, महासचिव भोला नाथ सिंह और कोषाध्यक्ष सेकर जे. मनोहरन सहित पूरी संस्था को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई। चयन प्रक्रिया और हाई-परफॉर्मेंस व्यवस्था से जुड़े डॉ. आर.पी. सिंह, सरदार सिंह, बलविंदर सिंह, मोहम्मद रियाज, एम.एम. सोमाया, सुभद्रा प्रधान, जॉयदीप कौर, असुनता लकड़ा, रानी, वी.आर. रघुनाथ, चिंगलेनसाना सिंह कांगुजम, रजनीश मिश्रा, समीर दाद, युवराज वाल्मीकि और अन्य सदस्यों को भी भारतीय हॉकी के इस स्वर्णिम अभियान के लिए बधाई।

यह सिर्फ पदक नहीं, सामूहिक तपस्या का परिणाम है

आज जब तिरंगा आसमान में लहराता है और राष्ट्रगान की धुन के बीच खिलाड़ियों के गले में स्वर्ण पदक चमकता है, तब हमें उन तमाम चेहरों को भी याद करना चाहिए जो कैमरों की रोशनी से दूर रहकर इस सफलता की नींव मजबूत करते हैं। खिलाड़ी मैदान के योद्धा हैं, कोच उनके रणनीतिकार हैं, सपोर्ट स्टाफ उनकी शक्ति है और हॉकी इंडिया वह व्यवस्था है जो इस पूरी यात्रा को दिशा देती है।

इसलिए एशियाई खेलों की इस स्वर्णिम हॉकी को एक साथ सलाम- खिलाड़ियों को सलाम। प्रशिक्षकों को सलाम। सपोर्ट स्टाफ को सलाम। हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों को सलाम। और उस तिरंगे को सलाम, जिसकी आन-बान-शान के लिए यह पूरी टीम मैदान पर उतरी! हॉकी के खलीफाओं और उनके हर सहयात्री को दिल से मुबारकबाद।

रिलेटेड पोस्ट्स