क्लेमेंट टाउन और कंदरोरी के बीच होगा एडब्ल्यूईएस नेशनल गर्ल्स बास्केटबॉल फाइनल

सेमीफाइनल में क्लेमेंट टाउन ने खड़की पुणे और कंदरोरी ने हिसार को हराया

खेलपथ संवाद

प्रयागराज। आर्मी पब्लिक स्कूल, न्यू कैंट, प्रयागराज में आयोजित तीन दिवसीय एडब्ल्यूईएस नेशनल गर्ल्स बास्केटबॉल टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबलों के बीच आर्मी पब्लिक स्कूल, क्लेमेंट टाउन और आर्मी पब्लिक स्कूल, कंदरोरी (पंजाब) ने फाइनल में जगह बना ली है। शुक्रवार, 9 अक्टूबर को खेले गए लीग मुकाबलों के बाद हुए सेमीफाइनल मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। आज दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।

प्रतियोगिता के लीग चरण के पांचवें मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल, क्लेमेंट टाउन ने आर्मी पब्लिक स्कूल, हिसार (हरियाणा) को 26-21 से पराजित किया। वहीं, छठे मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल, खड़की (पुणे) ने आर्मी पब्लिक स्कूल, कोलकाता को 40-21 से हराकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। लीग मुकाबलों के बाद खेले गए सेमीफाइनल के पहले मैच में क्लेमेंट टाउन और खड़की पुणे के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। रोमांचक मुकाबले में क्लेमेंट टाउन ने 18-16 से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट हासिल किया।

दूसरे सेमीफाइनल में आर्मी पब्लिक स्कूल, कंदरोरी (पंजाब) और आर्मी पब्लिक स्कूल, हिसार (हरियाणा) की टीमें आमने-सामने थीं। इस मुकाबले में कंदरोरी की टीम ने दमदार खेल दिखाते हुए हिसार को 45-27 से हराया और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में क्लेमेंट टाउन और कंदरोरी की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के प्रदर्शन को देखते हुए फाइनल में रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।

प्रतियोगिता के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के एसओ स्कूल लेफ्टिनेंट कर्नल अर्जुन राव उपस्थित रहे। टूर्नामेंट के समापन अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य नीना शंकर ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं। आर्मी पब्लिक स्कूल, न्यू कैंट, प्रयागराज में आयोजित यह प्रतियोगिता युवा महिला बास्केटबॉल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रही है।

रिलेटेड पोस्ट्स