आर्मी पब्लिक स्कूल कंदरोरी ने जीती एडब्ल्यूईएस बास्केटबॉल की नेशनल ट्रॉफी

रोमांचक फाइनल में  क्लेमेंट टाउन को हराया, 40 हजार का ईनाम पाया

खेलपथ संवाद

प्रयागराज। आर्मी पब्लिक स्कूल, न्यू कैंट, प्रयागराज में आयोजित तीन दिवसीय एडब्ल्यूईएस बास्केटबॉल नेशनल टूर्नामेंट (बालिका वर्ग) के अंतिम दिन खेले गए खिताबी मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल, कंदरोरी, पंजाब की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आर्मी पब्लिक स्कूल, क्लेमेंट टाउन को 30-28 अंकों से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। तीन दिनों तक चली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विभिन्न आर्मी पब्लिक स्कूलों की बालिका खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का परिचय दिया।

प्रतियोगिता के तीसरे दिन के खेलों का शुभारम्भ स्कूल एसओ लेफ्टिनेंट कर्नल अर्जुन राव ने किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या नीना शंकर तथा निर्णायक मंडल के सभी सदस्य उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के अंतिम दिन पांचवें-छठे, तीसरे-चौथे और पहले-दूसरे स्थान के लिए तीन महत्वपूर्ण मुकाबले खेले गए। पांचवें स्थान के लिए हुए मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल, कोलकाता, पश्चिम बंगाल ने आर्मी पब्लिक स्कूल, ओल्ड कैंट, प्रयागराज को 15-11 अंकों से हराकर पांचवां स्थान हासिल किया।

तीसरे स्थान के लिए हुए कड़े मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल, हिसार, हरियाणा ने आर्मी पब्लिक स्कूल, खड़की, पुणे को 27-24 अंकों से पराजित कर कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके बाद खेले गए फाइनल मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल, कंदरोरी, पंजाब और आर्मी पब्लिक स्कूल, क्लेमेंट टाउन के बीच रोमांचक संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया, लेकिन कंदरोरी की टीम ने 30-28 अंकों से मुकाबला जीतकर चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया। क्लेमेंट टाउन की टीम को उपविजेता ट्रॉफी से संतोष करना पड़ा।

कंदरोरी को 40 हजार, क्लेमेंट टाउन को 30 हजार रुपये

समापन समारोह के मुख्य अतिथि विद्यालय के अध्यक्ष ब्रिगेडियर नवनीत डागर, सेना मेडल, डिप्टी जीओसी, पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश सब एरिया रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। विजेता आर्मी पब्लिक स्कूल, कंदरोरी, पंजाब को 40 हजार रुपये तथा उपविजेता आर्मी पब्लिक स्कूल, क्लेमेंट टाउन को 30 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।

अपने समापन सम्बोधन में ब्रिगेडियर नवनीत डागर ने प्रतियोगिता के सफल, सुव्यवस्थित और सुचारू आयोजन की सराहना की। उन्होंने विद्यालय की प्राचार्या नीना शंकर और इवेंट कोऑर्डिनेटर जागृति गुप्ता के अथक परिश्रम, समर्पण तथा उत्कृष्ट प्रबंधन की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों और निर्णायक मंडल के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया।

प्रतियोगिता की अंतिम वरीयता- प्रथम स्थान — आर्मी पब्लिक स्कूल, कंदरोरी, पंजाब (वेस्टर्न कमांड), द्वितीय स्थान — आर्मी पब्लिक स्कूल, क्लेमेंट टाउन (सेंट्रल कमांड), तृतीय स्थान — आर्मी पब्लिक स्कूल, हिसार, हरियाणा (साउथ वेस्टर्न कमांड), चतुर्थ स्थान — आर्मी पब्लिक स्कूल, खड़की, पुणे (सदर्न कमांड), पंचम स्थान — आर्मी पब्लिक स्कूल, कोलकाता (ईस्टर्न कमांड), षष्ठम स्थान — आर्मी पब्लिक स्कूल, ओल्ड कैंट, प्रयागराज।

रिलेटेड पोस्ट्स