शिलांग, महू, धौला कुआं और बोलाराम का जीत से आगाज
एडब्ल्यूईएस बास्केटबॉल नेशनल टूर्नामेंटः छह टीमें दिखा रहीं दमखम
खेलपथ संवाद
प्रयागराज। आर्मी पब्लिक स्कूल, न्यू कैंट, प्रयागराज में सोमवार, 12 अक्टूबर को तीन दिवसीय एडब्ल्यूईएस बास्केटबॉल नेशनल टूर्नामेंट (बालक वर्ग) का भव्य शुभारंभ हुआ। 12 से 14 अक्टूबर तक चलने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर यशवीर माथुर, कमांडेंट, मिलिट्री हॉस्पिटल (एमएच), प्रयागराज ने किया। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न क्षेत्रों के छह आर्मी पब्लिक स्कूलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
प्रतियोगिता लीग प्रारूप में खेली जा रही है, जिसमें सभी छह टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले करेंगी। इसमें आर्मी पब्लिक स्कूल शिलांग, महू, मथुरा, धौला कुआं, बोलाराम (सिकंदराबाद) और हिसार की टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया। पहले मैच में आर्मी पब्लिक स्कूल, शिलांग ने आर्मी पब्लिक स्कूल, हिसार को 39-27 से पराजित किया। दूसरे मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल, महू ने आर्मी पब्लिक स्कूल, मथुरा को 46-23 से हराकर जीत दर्ज की।
सायंकालीन सत्र के तीसरे मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल, धौला कुआं ने दमदार प्रदर्शन करते हुए शिलांग की टीम को 58-22 से शिकस्त दी। वहीं, चौथे मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल, बोलाराम (सिकंदराबाद) और मथुरा के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिली। कड़े संघर्ष के बाद बोलाराम की टीम ने 44-43 के करीबी अंतर से मुकाबला अपने नाम किया।
प्राचार्या ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
प्रतियोगिता के पहले दिन के मुकाबलों के समापन पर आर्मी पब्लिक स्कूल, न्यू कैंट, प्रयागराज की प्राचार्या नीना शंकर ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के अगले मुकाबलों में भी विभिन्न विद्यालयों की टीमों के बीच कड़े संघर्ष की उम्मीद है।
