खेल व्यवस्था का खेल निराला!
खिलाड़ी मैदान में पसीना बहाता है, अधिकारी फाइलों में पदक जीतता है!
मीरा शुक्ला
ग्वालियर। भारत में खेलों की दुनिया भी बड़ी निराली है। मैदान में खिलाड़ी दौड़ता है, लेकिन उसकी किस्मत फाइलों में दौड़ती है। खिलाड़ी पदक के लिए संघर्ष करता है और खेलों के कर्णधार पद, प्रतिष्ठा और प्रोटोकॉल के लिए।
हमारा खेल तंत्र भी कमाल का है। खिलाड़ी से पूछा जाता है- कितने पदक लाए? लेकिन व्यवस्था से शायद ही कोई पूछता हो कि खिलाड़ी को कितनी सुविधाएँ दीं? कितने मैदान तैयार किए? कितने प्रशिक्षकों की नियुक्ति की? कितने प्रतिभाशाली बच्चों को बीच रास्ते में खेल छोड़ने से बचाया? हमारे यहाँ प्रतिभा से पहले परिचय काम आता है और प्रदर्शन से पहले पहुँच।
खिलाड़ी सुबह चार बजे उठकर अभ्यास करता है। सर्दी, गर्मी और चोट से लड़ता है। दूसरी तरफ, कुछ खेल कार्यालयों में फाइलें इतनी मेहनत से चलती हैं कि मंजिल तक पहुँचने से पहले ही खिलाड़ी की उम्र निकल जाती है। नियुक्ति हो, चयन हो या खेल सामग्री की खरीद- हर जगह प्रक्रिया का अपना खेल है। खिलाड़ी की दौड़ ट्रैक पर खत्म होती है, व्यवस्था की दौड़ कभी-कभी कुर्सी तक पहुँचकर ही सफल हो जाती है।
और खेल संघों का क्या कहिए! कुछ जगह चुनाव का रोमांच किसी बड़े फाइनल से कम नहीं होता। मैदान में खिलाड़ी को जगह पाने के लिए योग्यता साबित करनी पड़ती है, लेकिन कुर्सियों की दौड़ में योग्यता के अलावा कई दूसरे समीकरण भी चर्चा में रहते हैं। खिलाड़ी बदलते हैं, टीमें बदलती हैं, कोच बदलते हैं- मगर कुछ कुर्सियों के चेहरे बदलने का नाम नहीं लेते।
हमारे यहाँ खेल का विकास भी भाषणों में तेज दौड़ता है। नई खेल नीति आती है, नई योजनाएँ घोषित होती हैं, नए लक्ष्य तय होते हैं। उद्घाटन के समय कैमरे चमकते हैं और मंच पर तालियाँ गूँजती हैं। मगर कुछ मैदानों में आज भी न पर्याप्त उपकरण हैं, न प्रशिक्षक और न ही नियमित प्रतियोगिताओं की सुविधा। खिलाड़ी से विश्वस्तरीय प्रदर्शन की उम्मीद है, लेकिन उसे विश्वस्तरीय तैयारी मिलेगी या नहीं- यह सवाल अगली बैठक के एजेंडे में चला जाता है।
फिर जब कोई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराता है, तो पूरा देश गर्व करता है। बधाइयों की बरसात होती है, तस्वीरें खिंचती हैं और सम्मान समारोह सजते हैं। यह सब जरूरी भी है। मगर असली सम्मान सिर्फ पदक के बाद क्यों? उस खिलाड़ी के संघर्ष का सम्मान भी तो होना चाहिए, जो वर्षों मेहनत करने के बाद पदक नहीं जीत पाता, लेकिन देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देता है।
खेलों में हार-जीत स्वाभाविक है, मगर उपेक्षा किसी भी खिलाड़ी की नियति नहीं होनी चाहिए। दिलचस्प यह कि हम खेलों में विश्वगुरु बनने का सपना देखते हैं, लेकिन कई बार खेल संस्कृति की बुनियादी जरूरतें ही अधूरी छोड़ देते हैं। अच्छे खेल शिक्षक, प्रशिक्षित कोच, खेल विज्ञान विशेषज्ञ, फिजियोथेरेपिस्ट और मनोवैज्ञानिक- ये किसी टीम के अतिरिक्त सदस्य नहीं, बल्कि उसकी सफलता की नींव हैं। खिलाड़ी केवल तालियों से नहीं, वैज्ञानिक प्रशिक्षण, पोषण, चिकित्सा और सुरक्षित खेल वातावरण से आगे बढ़ता है।
अब वक्त आ गया है कि खेल व्यवस्था अपनी पीठ थपथपाने से थोड़ा समय निकालकर आईना भी देखे। खेल संघों की जवाबदेही तय हो, चयन प्रक्रिया पारदर्शी बने, सरकारी योजनाओं का परिणाम जमीन पर दिखाई दे और खिलाड़ी की आवाज को शिकायत नहीं, सुधार का अवसर माना जाए। क्योंकि देश की खेल प्रतिष्ठा किसी अधिकारी की कुर्सी से नहीं, खिलाड़ी के प्रदर्शन और व्यवस्था की ईमानदारी से बनती है।
अंत में बस इतना ही- मैदान में खिलाड़ी हारे तो वह अपनी तकनीक सुधारता है। व्यवस्था हारे तो वह नई समिति बना देती है! खिलाड़ी से कहा जाता है- देश के लिए खेलो। अब व्यवस्था से भी कोई कहे- देश के खिलाड़ियों के लिए काम करो। यही भारतीय खेल व्यवस्था का असली फाइनल है। इसमें जीत खिलाड़ी की होनी चाहिए, कुर्सी की नहीं।
