डीडीए यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स कप ने खोले उम्मीदों के द्वार, खेलों को मिलेगी नई उड़ान
दस विश्वविद्यालयों के खिलाड़ी पांच खेलों में दो नवम्बर तक दिखाएंगे दमखम
खेल मंत्री मनसुख मांडविया, उपराज्यपाल संधू और आशीष सूद ने बढ़ाया उत्साह
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। राजधानी के विश्वविद्यालयों की खेल प्रतिभाओं को साझा प्रतिस्पर्धी मंच देने के उद्देश्य से पहली बार आयोजित डीडीए यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स कप–2026 का मंगलवार, 27 अक्टूबर को रोशनआरा क्लब में शुभारम्भ हुआ। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू और दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद की उपस्थिति में प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस आयोजन में दिल्ली के दस विश्वविद्यालयों के खिलाड़ी पांच टीम खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
दिल्ली विकास प्राधिकरण और दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) के संयुक्त आयोजन में हॉकी, बास्केटबॉल, फुटबॉल, कबड्डी और क्रिकेट की स्पर्धाएं होंगी। पुरुष एवं महिला वर्ग के मुकाबले 28 अक्टूबर से दो नवम्बर तक डीटीयू खेल परिसर में आयोजित किए जाएंगे। उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालयों के दलों का ध्वज मार्च, ट्रॉफी का अनावरण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। महिला क्रिकेट का प्रदर्शनी मुकाबला भी खेला गया।
खेल मंत्री मांडविया ने इस पहल को युवाओं में खेल और फिटनेस को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने विद्यार्थी खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और निरंतर मेहनत के साथ उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ दृष्टिकोण से प्रेरित इस आयोजन को युवा शक्ति के लिए अवसर बढ़ाने की पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया।
उपराज्यपाल संधू ने खेलों को प्रतिभा निखारने के साथ एकजुटता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित करने का माध्यम बताया। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरे उत्साह और ईमानदारी से खेलने का संदेश दिया। संधू का कहना था कि सामूहिक खेल युवाओं को मिलकर आगे बढ़ना सिखाते हैं। मैदान पर विकसित एकता, अनुशासन और दृढ़ता जीवन की चुनौतियों का सामना करने में भी मदद करती है।
शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों तक डीडीए की खेल सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने की पहल के लिए उपराज्यपाल को श्रेय दिया। उन्होंने विश्वविद्यालयों को एक मंच पर लाने के लिए डीटीयू और डीडीए की सराहना की। डीटीयू के कुलपति प्रो. प्रतीक शर्मा ने प्रतियोगिता को विद्यार्थियों में आपसी सौहार्द, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा बढ़ाने का अवसर बताया। समारोह में डीडीए उपाध्यक्ष एन. सरवण कुमार, पूर्व ओलम्पियन अशोक कुमार तथा विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति भी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता से पहले 23 अक्टूबर को उपराज्यपाल ने इसका कर्टेन-रेजर पोस्टर और वीडियो जारी किया था। उन्होंने युवा प्रतिभाओं को अवसर देने और खेल सुविधाओं को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई थी। अब इस पहले संस्करण में राजधानी के विद्यार्थी खिलाड़ियों को अपनी तैयारी परखने, दूसरे विश्वविद्यालयों की टीमों से सीखने और उत्कृष्ट प्रदर्शन की ओर बढ़ने का मंच मिलेगा।
