कर्मज्योति दलाल का सम्मान कर अभय चौटाला ने बढ़ाया बेटी का हौसला

बोले- हरियाणा की माटी की बेटियों का शौर्य और संघर्ष ही प्रदेश की असली पहचान

खेलपथ संवाद

चंडीगढ़। एशियन पैरा गेम्स-2026 में कांस्य पदक जीतकर देश और हरियाणा का गौरव बढ़ाने वाली पैरा खिलाड़ी कर्मज्योति दलाल को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला ने सम्मानित किया। श्री चौटाला ने कर्मज्योति के निवास पर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया तथा उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा की माटी की बेटियों का शौर्य, संघर्ष और आत्मविश्वास ही प्रदेश की असली पहचान है। कर्मज्योति दलाल ने अपनी मेहनत, लगन और अटूट हौसले से यह साबित किया है कि मजबूत इरादों के सामने चुनौतियां भी रास्ता छोड़ देती हैं। उनकी यह उपलब्धि केवल एक पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन तमाम बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का संकल्प रखती हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं और खिलाड़ियों का सम्मान करना महज औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके संघर्ष, समर्पण और मेहनत के प्रति समाज की जिम्मेदारी है। खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के अनुरूप उचित मान-सम्मान, प्रोत्साहन और सुविधाएं मिलनी चाहिए, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन कर सकें। कर्मज्योति दलाल की उपलब्धि ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि प्रतिभा किसी परिस्थिति की मोहताज नहीं होती। जरूरत है तो केवल अवसर, सहयोग और प्रोत्साहन की।

रिलेटेड पोस्ट्स