देश में शारीरिक शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों की भूमिका को सम्मान कब
प्रशासनिक पारदर्शिता की कसौटी को खरा उतरने की चुनौती
खेलपथ संवाद
नई दिल्ली। भारत में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। देश के खिलाड़ी ओलम्पिक से लेकर एशियाई खेलों तक अपनी मेहनत और प्रतिभा का परिचय दे रहे हैं। लेकिन खेल प्रशासन की तस्वीर पर नजर डालें तो कई बार ऐसा लगता है कि मैदान के बाहर की राजनीति खिलाड़ियों के संघर्ष से कहीं अधिक चर्चा में रहती है।
भारतीय ओलम्पिक संघ का चुनाव इसी व्यवस्था की परीक्षा है। चुनाव में अध्यक्ष समेत कार्यकारिणी के पदों का फैसला होना है। लेकिन सवाल यह नहीं कि कौन अध्यक्ष बनेगा। सवाल यह है कि अध्यक्ष बनने के बाद वह भारतीय खेलों के लिए क्या करेगा? क्या वह राष्ट्रीय खेल महासंघों की जवाबदेही तय करेगा? क्या खिलाड़ियों की शिकायतों को सुनने की व्यवस्था बनाएगा? क्या प्रशिक्षकों की भूमिका को सम्मान देगा? क्या खेलों में वैज्ञानिक प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाओं और पारदर्शी चयन प्रक्रिया को प्राथमिकता देगा?
आज भारतीय खेल व्यवस्था को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है जो खिलाड़ियों की समस्याओं को समझे। खेल संगठनों में पद हासिल करना प्रतिष्ठा का विषय नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का निर्वहन होना चाहिए। चुनाव के दौरान नामों, गुटों और समर्थन की चर्चा होती है, लेकिन देश को यह भी जानना चाहिए कि उम्मीदवारों का खेल विकास का एजेंडा क्या है। वे अगले चार वर्षों में खिलाड़ियों के हित में कौन से ठोस बदलाव करेंगे?
ओलम्पिक संघ की चुनावी प्रक्रिया में खेल महासंघों के प्रतिनिधियों के साथ खिलाड़ियों के प्रतिनिधित्व की भी व्यवस्था है। इसे केवल कागजी भागीदारी तक सीमित नहीं रहना चाहिए। खिलाड़ियों को नीति निर्धारण और प्रशासनिक फैसलों में वास्तविक स्थान मिलना चाहिए।
खेलों में राजनीति का प्रवेश रोकने की बात करना आसान है, लेकिन उससे अधिक जरूरी है खेल प्रशासन को जवाबदेह बनाना। राजनीतिक पृष्ठभूमि से आए व्यक्ति को भी अपने काम से खेल हित साबित करने चाहिए और खिलाड़ी पृष्ठभूमि से आए व्यक्ति को भी प्रशासनिक पारदर्शिता की कसौटी पर खरा उतरना चाहिए।
भारत को पदों की नहीं, परिणामों की राजनीति चाहिए। खेल संगठनों की प्रतिष्ठा उनके पदाधिकारियों के प्रभाव से नहीं, खिलाड़ियों के भविष्य और देश के प्रदर्शन से तय होनी चाहिए। खिलाड़ी देश के लिए पदक जीत रहे हैं, अब खेल प्रशासकों को देश के खेल भविष्य के लिए जवाबदेह होना होगा।
