महिला हॉकी से आबाद शहर ग्वालियर पर लगा बदनुमा दाग!
दो विभागों में तालमेल की कमी, खिलाड़ी बेटियों को भुगतना पड़ा खामियाजा
70वीं राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिताः ग्वालियर टीम में आठ खिलाड़ी
महिला हॉकी अकादमी की 80 खिलाड़ियों को ताली पीटने भोपाल बुलाया
खेलपथ संवाद
ग्वालियर। खेलों के इतिहास में सात दशक की गौरवशाली परम्परा रखने वाले ग्वालियर को 70वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में ऐसी शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। मेजबान ग्वालियर की अंडर-14 बालिका हॉकी टीम निर्धारित समय पर पूरी संख्या में मैदान पर नहीं पहुंच सकी। नतीजा यह हुआ कि विरोधी टीम को वॉकओवर देकर मुकाबले का फैसला करना पड़ा। हैरानी की बात यह है कि जिस प्रतियोगिता की मेजबानी ग्वालियर कर रहा था, उसी में उसकी टीम की यह दुर्गति हुई।
प्रतियोगिता में हॉकी टीम के लिए 11 खिलाड़ियों की अनिवार्यता है, लेकिन ग्वालियर की दूसरी टीम केवल आठ खिलाड़ियों के साथ मैदान पर पहुंची। ऐसे में मुकाबला कराना सम्भव नहीं हुआ और नियमानुसार वॉकओवर घोषित कर दिया गया। प्रतियोगिता में मौजूद खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों ने इस स्थिति पर गहरी निराशा जताई। इस पूरे घटनाक्रम के पीछे खेल और स्कूल शिक्षा विभाग के बीच समन्वय की कमी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर में संचालित महिला हॉकी अकादमी की 80 खिलाड़ियों को भोपाल बुला लिया गया है। 19 नवम्बर से भोपाल में एशियन महिला हॉकी चैम्पियनशिप शुरू होने के मद्देनजर अकादमी की खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का अनुभव दिलाने या यूं कहें तालियां पीटने के उद्देश्य से भोपाल भेजा गया। लेकिन इस निर्णय के दौरान राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता में ग्वालियर की टीम की उपलब्धता का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया।
पहले से थी प्रतियोगिता की जानकारी, फिर भी नहीं बनी व्यवस्था
प्रतियोगिता से जुड़े सूत्रों का कहना है कि स्कूल शिक्षा विभाग ने तय समय सीमा के भीतर जिला स्तरीय अंडर-14 और अंडर-19 बालिका हॉकी टीमों के ट्रायल कराए थे। इसके बाद ग्वालियर में संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं भी आयोजित हुईं। प्रदर्शन के आधार पर दोनों वर्गों की टीमों का चयन किया गया था। सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार चल रहा था, लेकिन ऐन मौके पर खिलाड़ियों की उपलब्धता का संकट खड़ा हो गया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब राज्यस्तरीय प्रतियोगिता की तारीख पहले से निर्धारित थी तो खेल विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग ने आपसी तालमेल से खिलाड़ियों की उपलब्धता सुनिश्चित क्यों नहीं की? क्या अकादमी की खिलाड़ियों को भोपाल भेजने से पहले शालेय प्रतियोगिता के कार्यक्रम और मेजबान जिले की जरूरतों पर विचार नहीं किया गया?
खेल प्रतियोगिताओं का उद्देश्य खिलाड़ियों को अवसर देना और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाना है, लेकिन यहां विभागीय निर्णयों और समन्वय की कमी ने ग्वालियर की बालिका हॉकी टीम को मुकाबले से पहले ही मुश्किल में डाल दिया। खेलप्रेमियों का कहना है कि यदि अकादमी की खिलाड़ियों को भोपाल भेजना ही था तो राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए वैकल्पिक टीम तैयार की जा सकती थी।
ग्वालियर ने वर्षों से राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी प्रतिभाओं को जन्म दिया है। ऐसे शहर में मेजबान टीम का खिलाड़ियों की कमी के कारण मैदान पर पूरा नहीं उतर पाना केवल एक मैच की हार नहीं, बल्कि खेल प्रबंधन की गंभीर चूक है। अब सवाल खेल विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से है कि इस अव्यवस्था की जवाबदेही कौन लेगा और भविष्य में ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए क्या कदम उठाए जाएंगे?
