खेल निदेशक को सफाई नहीं, अच्छे कामों का हिसाब देना चाहिए!

आरोपों का जवाब देने के बजाय दूसरों पर उंगली उठा रहे राम प्रकाश सिंह?

श्रीप्रकाश शुक्ला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक राम प्रकाश सिंह इन दिनों विवादों और आरोपों को लेकर चर्चा में हैं। आरोपों पर उनका रुख देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि वे सवालों का सीधा जवाब देने के बजाय अपने सहयोगियों और अधीनस्थों पर जिम्मेदारी डालकर स्वयं को पाक-साफ साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या किसी विभाग के मुखिया की जिम्मेदारी केवल दूसरों की गलतियां गिनाना है या विभाग की उपलब्धियों और कमियों का जवाब देना भी उनकी जवाबदेही में शामिल है?

खेल निदेशक का पद कोई सामान्य प्रशासनिक पद नहीं है। यह प्रदेश के हजारों खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारियों और खेल विभाग के कर्मचारियों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। इस पद पर बैठे अधिकारी से अपेक्षा की जाती है कि वह खेलों के विकास के लिए दूरदर्शी निर्णय लेगा, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा और विभाग में पारदर्शिता तथा अनुशासन स्थापित करेगा। ऐसे में जब विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं तो उन सवालों का तथ्यात्मक जवाब देना निदेशक की नैतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी बनती है।

राम प्रकाश सिंह यदि अपने कार्यकाल को सफल मानते हैं और स्वयं को आरोपों से पूरी तरह बेदाग समझते हैं तो उन्हें लम्बी सफाई देने की जरूरत नहीं है। वे प्रदेश के खेल जगत के सामने अपने कार्यकाल के केवल पांच ऐसे अच्छे काम गिना दें, जिनसे खिलाड़ियों और खेल व्यवस्था को वास्तविक लाभ पहुंचा हो। वे बताएं कि उनके कार्यकाल में प्रदेश के कितने खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं मिलीं?

स्टेडियमों की दशा सुधारने के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए? खेल प्रशिक्षकों और क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कौन सी प्रभावी पहल हुई? प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, पुरस्कार और रोजगार के अवसर दिलाने में विभाग ने क्या उपलब्धियां हासिल कीं? सबसे महत्वपूर्ण, खेल विभाग में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यसंस्कृति सुधारने के लिए कौन से ऐसे निर्णय लिए गए, जिनका असर जमीन पर दिखाई देता है?

ये ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब किसी बयान या सफाई से नहीं, बल्कि उपलब्धियों और ठोस आंकड़ों से दिया जाना चाहिए। विभाग में यदि कहीं गड़बड़ी हुई है तो उसकी जांच होनी चाहिए और दोषी चाहे किसी भी पद पर हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन हर विवाद में अधीनस्थों को जिम्मेदार ठहराकर शीर्ष स्तर की जवाबदेही से बचने की कोशिश भी उचित नहीं है। नेतृत्व का वास्तविक अर्थ जिम्मेदारी लेना और व्यवस्था को सुधारना होता है।

खेल निदेशक को यह समझना होगा कि खेल विभाग किसी अधिकारी की निजी जागीर नहीं है। यह प्रदेश के खिलाड़ियों की उम्मीदों और जनता के संसाधनों से संचालित व्यवस्था है। यहां पद की प्रतिष्ठा बयानों से नहीं, बल्कि कामकाज और परिणामों से तय होती है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं, प्रशिक्षकों की समस्याएं सुलझ रही हैं या नहीं और खेल विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार हो रहा है या नहीं, यही किसी निदेशक के कार्यकाल की असली कसौटी है।

अब वक्त आरोपों से बचने या दूसरों पर ठीकरा फोड़ने का नहीं, बल्कि अपने काम का हिसाब देने का है। राम प्रकाश सिंह अपने कार्यकाल के पांच अच्छे काम सार्वजनिक कर दें। खेल जगत खुद तय कर लेगा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के खेलों ने कितनी तरक्की की है। आखिर पद बड़ा होने से कोई बड़ा नहीं बनता, बड़ा वह होता है जिसके काम से खिलाड़ियों और खेल व्यवस्था का भला होता है।

रिलेटेड पोस्ट्स