बिहार में फर्जी शिक्षकों की जांच मार्च तक पूरा करने के निर्देश
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश पर शिक्षा विभाग सख्त
मार्च 2027 तक जांच रिपोर्ट सौंपेंगे जिला शिक्षा पदाधिकारी
खेलपथ संवाद
पटना। बिहार में फर्जी प्रमाण-पत्रों के आधार पर शिक्षक की नौकरी हासिल करने वालों की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ने वाली हैं। राज्य के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने फर्जी शिक्षकों के मामलों की नए सिरे से जांच कराने का निर्णय लिया है। विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) को जांच की जिम्मेदारी सौंपते हुए कार्रवाई के लिए समयसीमा भी निर्धारित की है।
विभागीय निर्देश के अनुसार मार्च 2027 तक जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपनी होगी, जबकि 30 अप्रैल 2027 तक दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी हासिल करने का मामला प्रमाणित होने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। वहीं, नियुक्ति के समय निर्धारित शैक्षणिक योग्यता नहीं होने पर नियमानुसार सेवा समाप्ति की कार्रवाई होगी।
पांच श्रेणियों में होगी जांच
विभाग ने फर्जी नियुक्तियों के मामलों को पांच श्रेणियों में बांटा है। इनमें फर्जी नियुक्ति, दूसरे व्यक्ति के नाम अथवा प्रमाणपत्र पर नौकरी करना, अमान्य संस्थान से प्रमाणपत्र प्राप्त करना, मान्य संस्थान के नाम पर जाली प्रमाणपत्र बनवाना तथा अमान्य संस्थान के नाम पर कूटरचित प्रमाणपत्र तैयार करना शामिल है।
जांच के दायरे में कक्षा एक से 12वीं तक के शिक्षक, प्रधान शिक्षक और प्रधानाध्यापक भी आएंगे। वर्ष 2006 से 2021 के बीच पंचायत राज संस्थाओं और नगर निकायों के माध्यम से हुई नियुक्तियों के पुराने मामलों की भी पड़ताल की जाएगी। बीपीएससी के माध्यम से नियुक्त शिक्षकों के प्रमाणपत्रों का सत्यापन भी इस प्रक्रिया का हिस्सा होगा।
नोटिस के जवाब के लिए मिलेंगे 15 दिन
विभाग ने संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और अपना पक्ष रखने का अवसर देने का निर्देश दिया है। नोटिस मिलने के 15 दिनों के भीतर जवाब देना होगा। जांच में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) जांच अधिकारी और संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रस्तुतीकरण अधिकारी की भूमिका निभाएंगे।
पहले भी सामने आ चुके हैं 1700 फर्जी शिक्षक
गौरतलब है कि शिक्षा विभाग की पूर्व समीक्षा में लगभग 3.20 लाख शिक्षकों के प्रमाणपत्रों की जांच का मामला सामने आया था। इनमें करीब 2.40 लाख प्रमाणपत्रों का सत्यापन पूरा होने पर लगभग 1700 शिक्षक फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्त पाए गए थे। करीब 80 हजार शिक्षकों के प्रमाणपत्रों का सत्यापन बाकी बताया गया था।
बिहार में शिक्षक नियुक्तियों की पारदर्शिता और सरकारी शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता के लिहाज से यह कदम महत्वपूर्ण है। सवाल सिर्फ फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी पाने वालों को बाहर करने का नहीं, बल्कि उन अधिकारियों और नियुक्ति प्रक्रियाओं की जवाबदेही तय करने का भी है, जिनकी लापरवाही या मिलीभगत से ऐसे मामले वर्षों तक चलते रहे। शिक्षा विभाग को चाहिए कि जांच निष्पक्ष हो, किसी निर्दोष शिक्षक के साथ अन्याय न हो और दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
