देहरादून ने जीता अंडर-17 राज्य स्तरीय क्रिकेट खिताब, हरिद्वार उपविजेता
हल्द्वानी में खेले गए रोमांचक फाइनल में देहरादून ने 19 रन से दर्ज की शानदार जीत
खेलपथ संवाद
हरिद्वार। जीएनजी क्रिकेट ग्राउंड, हल्द्वानी में आयोजित अंडर-17 माध्यमिक विद्यालय राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में देहरादून की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। खिताबी मुकाबले में देहरादून ने हरिद्वार को 19 रन से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की। हरिद्वार की टीम उपविजेता रही।
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए देहरादून की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 113 रन बनाए। टीम की ओर से वैदिक पुंडीर ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 50 रन बनाए, जबकि रतन ने 29 रन का योगदान दिया। हरिद्वार की ओर से आरव और शिव श्याम ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरिद्वार की टीम देहरादून के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 94 रन पर सिमट गई। हरिद्वार की ओर से शिव श्याम ने 27 तथा आयरन ने 19 रन बनाए। देहरादून की ओर से शिवम ने तीन विकेट झटके, जबकि अभय और दीपक ने दो-दो विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि क्रिकेट बोर्ड ऑफ उत्तराखंड के उप सचिव नूर आलम ने विजेता देहरादून और उपविजेता हरिद्वार की टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। मुकाबले में नवीन जोशी एवं एसएस रिजवी ने निर्णायक की भूमिका निभाई, जबकि विमल यादव ने स्कोरर का दायित्व संभाला।
जिला खेल समन्वयक गजेंद्र सिंह ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए बताया कि इस उपलब्धि पर मुख्य शिक्षा अधिकारी संजीव जोशी एवं मुख्य माध्यमिक शिक्षा अधिकारी अभिषेक शुक्ला ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों के साथ कोच आलोक सिंह एवं मैनेजर सुधीर कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
