अत्याधुनिक माधव इंटरनेशनल टेनिस सेण्टर का शुभारम्भ
ढाई लाख की पुरस्कार राशि वाली महिला टेनिस प्रतियोगिता का आगाज
खेलपथ संवाद
समालखा। उत्तर भारत में लॉन टेनिस को नयी पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए माधव जयंत सेवा न्यास द्वारा आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित माधव इंटरनेशनल टेनिस सेंटर का शुभारंभ शनिवार को उत्तर क्षेत्रीय संघ चालक पवन जिंदल के करकमलों से हुआ। संचालन सेंटर प्रबंधक नीरज गौड़ ने किया।
उद्घाटन के साथ ही राष्ट्रीय रैंकिंग की 2.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वाली महिला प्रतियोगिता शुरू हुई, जिसमें 12 राज्यों से 34 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें 5 खिलाड़ी हरियाणा से और शेष विभिन्न राज्यों से पहुंचीं। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (एआईटीए) के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। सेंटर प्रबंधक नीरज गौड़ के मुताबिक 30 मार्च से महिला इवेंट का अगला चरण शुरू होगा, जबकि अप्रैल से यहां इंटरनेशनल टेनिस फेडरेशन के अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे।
प्रतियोगिताएं एआईटीए नियमावली के अनुसार होंगी और रेफरी-अंपायर भी एआईटीए द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे निष्पक्षता सुनिश्चित रहे। खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के प्रमाण पत्र दिए जाएंगे, जो हरियाणा टेनिस एसोसिएशन से मान्य होंगे। उतर क्षेत्रीय संघ चालक पवन जिंदल ने बताया कि माधव इंटरनेशनल सेंटर में 6 सिंथेटिक हार्ड कोर्ट, 500 से अधिक खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था (डॉर्मिट्री, एसी हॉल व रूम), पौष्टिक भोजन, जिम, फिजियो व स्वास्थ्य केंद्र जैसी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं।
अभ्यास, आवास और प्रतियोगिता तीनों एक ही परिसर में होने से खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का अनुभव मिलता है। पवन जिंदल ने कहा कि हरियाणा खेल प्रतिभाओं की धरती है, लेकिन अब पारंपरिक खेलों के साथ लॉन टेनिस को भी बढ़ावा देने का समय है। यह केंद्र उत्तर भारत के खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय से अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का लॉन्च पैड साबित होगा। उन्होंने दावा है कि यह अत्याधुनिक परिसर महिला टेनिस को नई ऊंचाइयों तक ले जाने और खेल के माध्यम से सशक्तीकरण का मजबूत मंच बनेगा।
