खोखला साबित हो रहा पीएम मोदी का ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ नारा: पर्ल चौधरी

हरियाणा महिला कांग्रेस अध्यक्ष बोलीं- राज्य में बढ़ते महिला अपराध चिंताजनक

खेलपथ संवाद

पानीपत। हरियाणा महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि पानीपत की ऐतिहासिक धरती से शुरू किया गया ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान खोखला नारा बनकर रह गया है। रविवार को सेक्टर 25 स्थित कांग्रेस ग्रामीण कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि 11 साल पहले जिस अभियान का मकसद महिला सशक्तीकरण था, आज उसी शासनकाल में बेटियों पर अपराधों की संख्या निरंतर बढ़ना बेहद चिंताजनक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रमेश मलिक ने की।

पर्ल चौधरी ने आरोप लगाया कि भाजपा के कई जन प्रतिनिधियों पर गंभीर अपराधों के आरोप हैं, जिन्हें पार्टी राजनीतिक संरक्षण दे रही है। उन्होंने गोवा, उत्तराखंड और महाराष्ट्र के उदाहरण देते हुए कहा कि सत्ता के दबाव में कार्रवाई नहीं हो रही है। पर्ल चौधरी ने एलपीजी सिलेंडर की किल्लत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गैस एजेंसियों पर घंटों लाइन में लगने के बावजूद महिलाओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है, जबकि सरकार आपूर्ति सामान्य होने के झूठे दावे कर रही है। उन्होंने 2100 रुपये की चुनावी घोषणा पर शर्तें लगाने को लेकर भी सरकार को घेरा। इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष ग्रामीण रमेश मलिक, कंवर सिंह छौक्कर, दीपक खटकड़, बलवान वाल्मीकि, और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

रिलेटेड पोस्ट्स