राज्यस्तरीय किक बॉक्सिंग में छाए महेंद्रा स्पोर्ट्स स्टेडियम सोनीपत के खिलाड़ी
चैम्पियनशिप में जतिन और क्रिस ने गोल्ड तो नितिन ने जीता सिल्वर मेडल
खेलपथ संवाद
फरीदाबाद। जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आठ से 10 मई तक हुई हरियाणा राज्यस्तरीय किक बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में महेंद्रा स्पोर्ट्स स्टेडियम मेरठ रोड खेवड़ा के तीन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर सोनीपत जिले को गौरवान्वित किया। चैम्पियनशिप में कोच सुधीर के मार्गदर्शन में जतिन और क्रिस आंतिल ने स्वर्ण पदक तो नितिन चौहान ने रजत पदक जीता।
कोच सुधीर ने खेलपथ को बताया कि राज्यस्तरीय किक बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में प्रदेश भर के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और ताकत का प्रदर्शन किया। चैम्पियनशिप में महेंद्रा स्पोर्ट्स स्टेडियम मेरठ रोड खेवड़ा के तीन खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया और तीनों ने पदक जीते। जूनियर वर्ग के 54-57 किलो भार वर्ग में नितिन चौहान ने रजत पदक जीता। सीनियर वर्ग के 80 से 85 किलो भार वर्ग में जतिन माजरा तथा 90 से 95 किलो भार वर्ग में क्रिस आंतिल ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी धाक जमाई। अब ये खिलाड़ी 30 मई से चार जून तक भुवनेश्वर (ओडिशा) में होने वाली राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में हरियाणा राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
क्रिस आंतिल अगस्त माह में गुजरात में होने वाली राष्ट्रीय सीनियर किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में हरियाणा राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। जो सीनियर खिलाड़ी वहां गोल्ड मेडल जीतेगा उसे सितम्बर में होने वाली एशियन गेम्स किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में शिरकत करने का मौका मिलेगा। राज्यस्तरीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को हरियाणा राज्य किकबॉक्सिंग रेफरी सुधीर, रितेश गुलिया, दीपक सिवाच, रवीना और अंतरराष्ट्रीय किकबॉक्सिंग खिलाड़ी सूरज हलालपुर, विजय शर्मा, अमित आंतिल, विकास वर्मा, दीपक जांगड़ा, राहुल कौशिक, लोकेश आंतिल, अनिल आंतिल, रामप्रकाश, अरमान आंतिल, कुनाल आंतिल, दीपांशु पालीवाल, जिला किकबॉक्सिंग अध्यक्ष मनीष आंतिल, हरीश अहलावत ने बधाई देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में अच्छे प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
