पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के हाथों सम्मानित हुई अदिति श्योराण
ओलम्पियन शूटर अंजुम मोदगिल के साथ क्रिकेटर अदिति भी सम्मानित
चंडीगढ़ में वर्ल्ड हिमाचल आर्गेनाइजेशन ने बढ़ाया खेल प्रतिभाओं का हौसला
खेलपथ संवाद
चंडीगढ़। सोनीपत के दुभेटा गांव की उभरती खिलाड़ी अदिति श्योराण को खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए खेल प्रतिभा सम्मान-2026 से नवाजा गया है। चंडीगढ़ के सेक्टर-36 स्थित एमसीएम डीएवी कॉलेज में आयोजित विशेष सम्मान समारोह में क्रिकेटर अदिति को यह सम्मान मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर के हाथों मिला है।
वर्ल्ड हिमाचल आर्गेनाइजेशन के वार्षिक उत्सव नियुंदर-2026 में खेल, शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में शूटिंग में ओलिंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली शूटर अंजुम मोदगिल को भी सम्मानित किया गया।। अदिति चंडीगढ़ की क्रिकेट टीम से स्टेट, नेशनल और बीसीसीआई लेवल पर खेलती हैं। इस साल अदिति का चयन बीसीसीआई की ओर से महिलाओं की अंडर-19 महिला वन डे टूर्नामेंट के लिए हुआ था।
इस युवा खिलाड़ी ने नेशनल स्कूल चैम्पियनशिप में भी चंडीगढ़ की अंडर-17 की तरफ से तीन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में चयन हुआ था। राष्ट्रीय स्तर पर तीन खेलों में अदिति चंडीगढ़ टीम की कप्तानी भी कर चुकी हैं। बीसीसीआई के पूर्व प्रेसिडेंट अनुराग ठाकुर ने इस मौके पर अदिति श्योराण का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि छोटे से गांव की इस बेटी ने बहुत कम समय में खेलों में नाम कमाया है, यह खिलाड़ी अपनी मेहनत से एक दिन देश के लिए खेलेगी।
श्री ठाकुर ने कहा कि ऐसी बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार बहुत ही अच्छा काम कर रही है। चंडीगढ़ के सेक्टर-9 स्थित कार्मल कान्वेंट स्कूल में 11वीं की छात्रा अदिति इन दिनों यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) चंडीगढ़ की ओर से जून में होने वाली पहली चंडीगढ़ महिला वुमेंस क्रिकेट लीग(सीडब्ल्यूपीएल) की तैयारियों में जुटी है। अदिति का बचपन दुभेटा गांव में बीता और प्रारम्भिक पढ़ाई खानपुर (गोहाना) स्थित ग्लोबल पब्लिक स्कूल से हुई है। खेल उपलब्धियों के लिए अदिति को पहले भी कई सम्मान मिल चुके हैं। अदिति अपनी सफलता का श्रेय स्कूल, यूटीसीए, कोच और परिवार को देती हैं।
