झारखंड की चार हॉकी बेटियां खेलेंगी विश्व कप, सलीमा टेटे करेंगी कप्तानी
ब्यूटी डुंगडुंग, दीपिका सोरेंग और खूंटी निवासी निक्की प्रधान दिखाएंगी दम
खेलपथ संवाद
सिमडेगा। झारखंड के लिए एक और गौरवपूर्ण क्षण शुक्रवार को सामने आया है। हॉकी इंडिया ने 15 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड्स और बेल्जियम में आयोजित होने वाले एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप के लिए 20 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम में झारखंड की चार बेटियों को जगह मिली है तथा सलीमा टेटे तो भारतीय टीम की कप्तानी भी करेगी।
इस टीम में झारखंड की चार बेटियों को जगह मिली है, जिनमें सिमडेगा की तीन खिलाड़ी शामिल हैं। विश्व कप जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में झारखंड की चार खिलाड़ियों का एक साथ भारतीय टीम में चयन होना राज्य के हॉकी इतिहास की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। सिमडेगा की स्टार मिडफील्डर सलीमा टेटे को भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तानी सौंपी गई है। सलीमा के नेतृत्व में भारतीय टीम विश्व कप में उतरकर देश के लिए पदक जीतने का प्रयास करेगी। उनके कप्तान बनने से सिमडेगा सहित पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है।
विश्व कप टीम में झारखंड से सलीमा टेटे, ब्यूटी डुंगडुंग, दीपिका सोरेंग तथा खूंटी निवासी निक्की प्रधान को शामिल किया गया है। इनमें निक्की प्रधान भारतीय टीम की अनुभवी खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं, जबकि ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग युवा प्रतिभा के रूप में लगातार अपनी पहचान मजबूत कर रही हैं।
भारतीय महिला हॉकी टीम का हालिया प्रदर्शन भी शानदार रहा है। बेंगलुरु में प्रशिक्षण ले रही टीम ने हाल ही में न्यूजीलैंड में आयोजित एफआईएच नेशंस कप में अजेय रहते हुए खिताब अपने नाम किया था। विश्व कप में भारत को पूल-डी में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है। भारतीय टीम 16 अगस्त को चीन, 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला खेलेगी।
सभी मैच नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम में आयोजित होंगे। हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी, राज्य खेल विभाग तथा सिमडेगा के अधिकारियों ने सभी चयनित खिलाड़ियों और भारतीय टीम को विश्व कप के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की कामना की है।
