शकुन्तला विश्वविद्यालय की मुद्रिका गुरुरानी ने बनाया विश्व रिकॉर्ड

कुलपति आचार्य संजय सिंह ने दी बधाई, बताया गौरवपूर्ण उपलब्धि

खेलपथ संवाद

लखनऊ। डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय की मास्टर ऑफ विजुअल आर्ट्स (पेंटिंग) की छात्रा मुद्रिका खुशी गुरुरानी ने बॉक्सिंग में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्हें बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की सबसे कम उम्र की नेशनल टेक्निकल ऑफिशियल (एनटीओ) के रूप में शामिल किया गया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह देश की सबसे युवा एनटीओ बन गई हैं।

इस उपलब्धि पर कुलपति आचार्य संजय सिंह ने मुद्रिका को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विश्वविद्यालय के क्रीड़ा एवं योग प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. पी. राजीवनयन ने बताया कि मुद्रिका ने 23 वर्ष की उम्र में गुवाहाटी में आयोजित नेशनल टेक्निकल ऑफिशियल परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्हें बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की सबसे कम उम्र की नेशनल टेक्निकल ऑफिशियल के रूप में मान्यता मिली। इस उपलब्धि के लिए उन्हें बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।

मुद्रिका खेलों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रही हैं। वह बॉक्सिंग में पांच बार की राष्ट्रीय पदक विजेता हैं। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैराकी में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। कुलपति आचार्य संजय सिंह ने कहा कि खेल और तकनीकी दक्षता के क्षेत्र में मुद्रिका खुशी गुरुरानी की मेहनत रंग लाई है। यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने की प्रेरणा देगी। हमें विश्वास है कि वह भविष्य में भी देश और विश्वविद्यालय का नाम इसी तरह रोशन करती रहेंगी।

रिलेटेड पोस्ट्स